IPL 2026: जयपुर में फिर गूँजेगा ‘हल्ला बोल’! सीएम भजनलाल की पहल से सुलझा विवाद, SMS स्टेडियम को मिले 4 मैच

Ravindar Kumar
2 Min Read

जयपुर: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के आयोजन को लेकर बना संशय अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान रॉयल्स के फ्रेंचाइजी अध्यक्ष रंजीत बारठाकुर के बीच हुई सफल बैठक के बाद जयपुर में 4 घरेलू मैच आयोजित करने पर सहमति बन गई है।

विवाद सुलझा, सुरक्षा चिंताओं पर बनी बात

पिछले कुछ समय से सुरक्षा मानकों और कानूनी देयता (Liability) को लेकर दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ था। राजस्थान रॉयल्स ने टाटा प्रोजेक्ट्स की एक ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए स्टेडियम की संरचनात्मक सुरक्षा पर सवाल उठाए थे और सरकार से ‘इंडेम्निटी वेवर’ की मांग की थी। हालांकि, मुख्यमंत्री के दखल के बाद राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने स्टेडियम के उन्नयन और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है, जिससे फ्रेंचाइजी संतुष्ट है।

मैचों का बंटवारा: 4 जयपुर और 3 गुवाहाटी में

नई व्यवस्था के तहत राजस्थान रॉयल्स अपने कुल 7 घरेलू मैचों में से:

  • जयपुर (SMS स्टेडियम): 4 मुकाबले खेलेगी।
  • गुवाहाटी (बरसापारा स्टेडियम): 3 मुकाबले खेले जाएंगे।

पिछली बार के मुकाबले इस बार एक मैच असम स्थानांतरित किया गया है, जो टीम के कप्तान रियान पराग के गृह राज्य के दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगा।

स्टेडियम की तैयारियाँ तेज

क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. नीरज के पवन ने बताया कि रॉयल्स, MNIT और PWD के अधिकारियों के साथ मैदान का निरीक्षण किया गया है। छोटी-मोटी कमियों को जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा और स्टेडियम आईपीएल के शानदार आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *