जयपुर/नई दिल्ली, लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक विमर्श के लिए आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट’ (IICDEM–2026) का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। 21 से 23 जनवरी तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित इस सम्मेलन में राजस्थान निर्वाचन विभाग ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
राजस्थान ने साझा किए नवाचार और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियाँ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि सम्मेलन के अंतिम दिन राजस्थान निर्वाचन विभाग द्वारा “चुनाव, मीडिया और मतदाता जागरूकता” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में राजस्थान ने चुनाव प्रबंधन, तकनीक के उपयोग और मतदाताओं को जागरूक करने के अपने सफल अनुभवों एवं नवाचारों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।
सत्र के मुख्य वक्ता और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी
इस विशेष सत्र की अध्यक्षता और मॉडरेशन मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान,नवीन महाजन द्वारा किया गया। सत्र में विभिन्न देशों के निर्वाचन विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे:
- क्रोएशिया: वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी अल्बिना रोज़ान्दिच।
- कज़ाख़स्तान: केंद्रीय निर्वाचन आयोग के उपाध्यक्ष मुख्तार यरमान।
- भारत निर्वाचन आयोग: महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल।
- शिक्षा जगत: पूर्णिमा विश्वविद्यालय, जयपुर से डॉ. आस्था सक्सेना (विभागाध्यक्ष, पत्रकारिता)।
पार्टनर देशों के साथ वैश्विक विमर्श
विशेष बात यह रही कि क्रोएशिया और कज़ाख़स्तान, इस सम्मेलन में राजस्थान के पार्टनर देश रहे, जिससे चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण का समावेश हुआ। सत्र में अमेरिकी चुनाव सहायता आयोग की आयुक्त सुश्री क्रिस्टी मैककॉर्मिक और गुयाना की मुख्य निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति ने सत्र की गरिमा को और बढ़ाया।
इस सम्मेलन के माध्यम से राजस्थान के चुनाव प्रबंधन मॉडल्स को न केवल सराहा गया, बल्कि अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ भविष्य के सहयोग के रास्तों पर भी चर्चा की गई।
