25 लाख की घूस लेने वाला GST अधीक्षक गिरफ्तार! ‘कुत्ते’ के साथ वाली एक फोटो ने कैसे फेल किया भागने का पूरा प्लान?

जयपुर: रिश्वत के 25 लाख रुपए लेने के बाद जीएसटी अधीक्षक (GST Superintendent) सांवल राम भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से बचने की पूरी तैयारी में था, लेकिन एक श्वान (कुत्ते) के साथ उसकी एक फोटो ने भागने का पूरा प्लान फेल कर दिया। मामले की गंभीरता यह थी कि ट्रैप करने गई एसीबी टीम के पास आरोपी का चेहरा तक नहीं था। लेकिन जयपुर मुख्यालय से मॉनिटरिंग कर रहे डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह की सूझबूझ और तकनीकी निगरानी ने इस भ्रष्ट अफसर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

कुत्ते के साथ वाली फोटो से हुई पहचान, सुकेत में दबोचा गया

मुख्यालय से निगरानी कर रहे डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह ने श्वान के साथ खेलते हुए आरोपी की एक फोटो टीम को भेजी। इसी फोटो से उसकी पुख्ता पहचान हुई। एसीबी के अनुसार, रिश्वत की रकम लेने के लिए दलाल के संपर्क में रहने के दौरान सांवल राम सोमवार को उदयपुर से झालावाड़ चला गया था और रात वहीं रुका। मंगलवार को जब वह वापस उदयपुर लौट रहा था, तब उसकी लोकेशन सुकेत में ट्रेस हुई। टीम ने सबसे पहले दलाल को पकड़ा और फिर फोटो के आधार पर सांवल राम की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

घर की तलाशी में मिला कुबेर का खजाना: 17 लाख कैश और सोना बरामद

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी सांवल राम के उदयपुर स्थित आवास पर सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति बरामद हुई:

  • 17 लाख रुपए की नकद राशि (Cash)
  • करीब 17 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर
  • 75 हजार रुपए के चांदी के आभूषण

60 लाख की थी कुल डिमांड, पहले भी ले चुका है मोटी रकम

परिवादी के अनुसार, उसकी दो रजिस्टर्ड फर्म हैं। एक फर्म की रिकवरी राशि नहीं निकालने, शो-कॉज नोटिस व सम्मन के निस्तारण और दूसरी फर्म का खाता एक्टिव करने के एवज में यह अधिकारी दलालों के जरिए कुल 60 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। पहली किश्त के रूप में 25 लाख रुपए देने के लिए परिवादी को लगातार परेशान किया जा रहा था। परिवादी ने एसीबी को यह भी बताया कि अधिकारी दलाल के जरिए पहले भी 60 लाख रुपए ले चुका है। एसीबी ने परिवादी से इसके सबूत मांगे हैं और इस बिंदु पर भी गहन जांच की जा रही है।

तीनों आरोपी 14 अक्टूबर तक जेल में, आमने-सामने हुई पूछताछ

25 लाख रुपए की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार सीजीएसटी अधीक्षक सांवल राम और दोनों दलाल (अनिल पारीक व सुशील पारीक) को एसीबी ने बुधवार को आमने-सामने बैठाकर दिनभर कड़ी पूछताछ की। इसके बाद देर शाम तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने आरोपियों को 14 अक्टूबर तक न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment