जयपुर: राजस्थान में बहुचर्चित कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा (JEN-2020) पेपर लीक मामले में एसओजी (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोटा में जल संसाधन विभाग में सहायक अभियंता (AEN) के पद पर कार्यरत अतुल मीणा को 25 लाख रुपए में पेपर खरीदकर परीक्षा पास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में करीब 7 महीने पहले केस दर्ज हुआ था और अब जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है।
कैसे हुआ 25 लाख में पेपर का सौदा?
अतिरिक्त महानिदेशक (SOG) विशाल बंसल ने बताया कि JEN-2020 भर्ती परीक्षा से जुड़ा यह प्रकरण सांगानेर थाने में दर्ज किया गया था, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जब 12 सितंबर 2021 को यह परीक्षा दोबारा आयोजित हुई, तब भी पेपर पहले ही लीक हो चुका था।
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ पटवारी ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने अतुल मीणा सहित कई अन्य अभ्यर्थियों को सॉल्वड पेपर उपलब्ध कराया था। अतुल मीणा ने हर्षवर्धन के एक रिश्तेदार के माध्यम से 25 लाख रुपए में इस पेपर का सौदा किया था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद एसओजी ने अतुल मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया है।
JEN के अलावा किसी परीक्षा में नहीं हुआ पास
एसओजी की जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल मीणा ने JEN भर्ती के अलावा करीब एक दर्जन अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी हिस्सा लिया था, लेकिन उसे किसी भी अन्य परीक्षा में सफलता नहीं मिली। फिलहाल एसओजी आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने वाले मुख्य सरगनाओं का सुराग लगाया जा सके।
