“आज देश में फासीवादी ताकतें संविधान को कमजोर करने में जुटी हैं, हमें एकजुट होकर लोकतंत्र बचाना होगा”: कांग्रेस स्थापना दिवस पर डोटासरा की हुंकार

जयपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा गांधी भवन) में जश्न का माहौल रहा। इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। डोटासरा ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए वर्तमान चुनौतियों से लड़ने का संकल्प दिलाया।

“कांग्रेस सिर्फ एक दल नहीं, विचारधारा है” पीसीसी चीफ डोटासरा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम की अगुवा रही एक राष्ट्रवादी पार्टी है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास त्याग और बलिदान का रहा है। इस पार्टी ने हमेशा देश को धर्म, जाति या भाषा के आधार पर बांटने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखा है।”

‘फासीवादी ताकतों’ पर सीधा प्रहार वर्तमान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि आज देश के सामने एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में “फासीवादी ताकतें” संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं।

डोटासरा ने कहा, “आज जो ताकतें सत्ता में बैठी हैं, वे लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा पैदा कर रही हैं। ये लोग देश के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ना चाहते हैं।”

कार्यकर्ताओं को दिलाया संकल्प स्थापना दिवस के अवसर पर डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सरदार पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए रास्तों पर चलें। उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर इन विभाजनकारी ताकतों का मुकाबला करें और देश के लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करें।

ये दिग्गज रहे मौजूद इस समारोह में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रघु शर्मा, प्रताप सिंह खाचरियावास, शकुंतला रावत, ममता भूपेश, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, गोपाल मीणा, प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, पूर्व विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!