एक तरफ भीषण गर्मी की मार है, तो दूसरी तरफ महंगाई की तपिश ने आम आदमी और व्यापारियों का पसीना निकाल दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस सप्लाई क्या बाधित हुई, इसका सीधा असर अब हमारी जेब पर दिखने लगा है। गुरुवार देर रात तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹993 की ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर दी है।
आज से लागू हुईं नई दरें: कमर्शियल सिलेंडर ₹3000 के पार
राजस्थान सहित पूरे प्रदेश में अब 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर जो कल तक ₹2106 में मिलता था, वह आज से ₹3099 में मिलेगा। यह बढ़ोतरी उन व्यापारियों और होटल मालिकों के लिए एक बड़ा झटका है जो पहले से ही गैस की किल्लत का सामना कर रहे थे।
मजदूरों और प्रवासियों पर भी मार, 5 किग्रा सिलेंडर के दाम बढ़े
महंगाई की इस मार से दिहाड़ी मजदूर और प्रवासी श्रमिक भी अछूते नहीं रहे हैं। पहचान पत्र के आधार पर मिलने वाले 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर (छोटू सिलेंडर) की रिफिलिंग अब ₹242 महंगी हो गई है।
- पुरानी कीमत: ₹591
- नई कीमत: ₹833 सरकार के इस फैसले से लाखों श्रमिकों के घर का बजट बिगड़ना तय है।
शादी-ब्याह और रेस्टोरेंट का खाना होगा महंगा
मई का महीना शादियों का सीजन होता है, और ऐसे में गैस की कीमतों में करीब ₹1000 का इजाफा होना किसी आपदा से कम नहीं है।
- कैटरिंग और मिठाई: हलवाई और कैटरिंग सर्विस में मुख्य रूप से कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होता है, जिससे शादियों में मिठाई और खाने की प्लेट की कीमत बढ़ना तय है।
- बाहर खाना: होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में खाना अब आपकी जेब पर भारी पड़ेगा।
घरेलू ग्राहकों को फिलहाल राहत
राहत की बात बस इतनी है कि तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, पिछले महीने ही घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे, जिससे मध्यम वर्गीय परिवार पहले से ही दबाव में हैं।
क्यों बढ़ी कीमतें?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण ग्लोबल सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई है। अंतरराष्ट्रीय दबाव और चुनावी दौर खत्म होने के तुरंत बाद यह रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है।
