जोधपुर में सजेगी सितारों की महफिल: राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 का कल से आगाज़

जोधपुर, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सिनेमा का संगम शनिवार, 31 जनवरी से सूर्य नगरी जोधपुर में होने जा रहा है। पाँच दिवसीय राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (RIFF) 2026 का भव्य आयोजन 4 फरवरी तक चलेगा। इस महोत्सव में देश-विदेश की कुल 78 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

वैश्विक सिनेमा का जमावड़ा

उत्सव के आयोजक सोमेंद्र हर्ष ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में भारत के साथ-साथ अमेरिका, यूके, जर्मनी, फ्रांस, इटली और सिंगापुर जैसे देशों की फिल्में दिखाई जाएंगी। विशेष बात यह है कि इस बार ‘पोलैंड’ (पोलिश इंस्टीट्यूट) को ‘फोकस कंट्री’ के रूप में चुना गया है।


दिग्गजों की मास्टर क्लास: अभिनय के गुर सीखेंगे युवा

फिल्म प्रेमियों और उभरते कलाकारों के लिए यह महोत्सव सीखने का एक सुनहरा अवसर होगा। महोत्सव के दौरान सिनेमा जगत की नामी हस्तियां विशेष सत्र लेंगी:

  • मुकेश छाबड़ा (3 फरवरी): मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर “अभिनय की कला को खोजना” विषय पर ऑडिशन और किरदार की समझ साझा करेंगे।
  • अनूप सोनी (4 फरवरी): “फ्रॉम स्टेज टू स्क्रीन” सत्र के माध्यम से थिएटर से कैमरे तक के सफर और आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स देंगे।
  • रजित कपूर: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता “विचार और अभिनय के बीच: बनने की कला” विषय पर सूक्ष्म बारीकियों पर चर्चा करेंगे।
  • सीमा कपूर: लेखिका और निर्देशिका अपनी आत्मकथा “यूँ गुजरी है अब तलक” पर चर्चा करेंगी।

राजस्थानी मधु बनीं सांस्कृतिक ब्रांड एम्बेसडर

जापान की मायूमी, जिन्हें अब “राजस्थानी मधु” के नाम से जाना जाता है, इस फेस्टिवल की कल्चरल ब्रांड एंबेसेडर होंगी। जापान में रहकर घूमर और कालबेलिया नृत्य सिखाने वाली मायूमी भारत और जापान के बीच एक सांस्कृतिक सेतु का काम कर रही हैं।


सिनेमा और समाज पर मंथन (ओपन फोरम)

महोत्सव में फिल्मों के साथ-साथ ज्वलंत विषयों पर चर्चा भी होगी:

  1. OTT Raga: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बदलती कहानियों पर संवाद।
  2. क्षेत्रीय सिनेमा: राजस्थानी भाषा की मान्यता और चुनौतियां।
  3. पर्यटन एवं निवेश: फिल्मों के जरिए राजस्थान के आर्थिक विकास पर चर्चा।
  4. महिला और सिनेमा: फिल्म जगत में महिलाओं की भूमिका और प्रभाव।

इस समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित कई वरिष्ठ राजनेता और फिल्मी हस्तियां शामिल होंगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!