बीकानेर (श्रीडूंगरगढ़)। राजस्थान के बीकानेर जिले में नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सामने से आ रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 19 वर्षीय युवती और 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन में फंस गए।
साहवा से बीकानेर जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, चूरू जिले के तारानगर तहसील अंतर्गत साहवा निवासी एक परिवार के छह सदस्य कार द्वारा 16 सितंबर की रात करीब 9 बजे बीकानेर के कालीनाडी (राववाला) के लिए रवाना हुए थे। कार को कपिल कुमार चला रहे थे। देर रात करीब 1 बजे श्रीडूंगरगढ़ से लगभग 3 किलोमीटर आगे बीकानेर मार्ग पर सीजराल होटल के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक ने कार को सीधी टक्कर मार दी।
दो की मौके पर मौत, चार लोग गंभीर घायल
हादसे में 19 वर्षीय निशा और 12 वर्षीय मासूम विकास कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे कपिल कुमार सहित राजबाला, सुनील और सतवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सेवादारों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव
हादसे के बाद कार पूरी तरह पिचक गई थी और शव भीतर फंस गए थे। सूचना मिलते ही डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार तत्काल मौके पर पहुंचे। सेवादार इमरान छींपा, तालिब राईन गुर्जर, रोशन अली और अमीर खान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने काफी प्रयासों के बाद कार के गेट और बॉडी को काटकर शवों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों और मृतकों को एम्बुलेंस की सहायता से श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक वाहन लेकर फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर एएसआई भंवरू खान पुलिस जाब्ते के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है, जबकि दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।
इस संबंध में साहवा निवासी अशोक कुमार ने 17 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट देकर फरार कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामला दर्ज कर हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक की तलाश में जुटी है।