राजस्थान के दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड कार्यालय में आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी स्ट्राइक की है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए SDM कार्यालय के एक कर्मचारी को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद से पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है।

जमीन के काम के बदले ‘सौदा’
ACB टीम से मिली जानकारी के अनुसार, एक परिवादी ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन से जुड़े एक मामले को रफा-दफा करने या आगे बढ़ाने के नाम पर एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और सोमवार दोपहर जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि कर्मचारी को थमाई, टीम ने उसे दबोच लिया।
डेपुटेशन पर एसडीएम ऑफिस पर काम कर रहा था
गिरफ्तार किया गया कर्मचारी मूल रूप से एक स्कूल में लैब असिस्टेंट है। उसे प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर बांदीकुई एसडीएम कार्यालय में लगाया गया था। एसीबी टीम ने बताया कि इस मामले में बांदीकुई एसडीएम रामसिंह राजावत से भी पूछताछ की जा रही है।
