राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर और एंटी टेररिज्म टास्क फोर्स (एटीएस) ने संगठित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एटीएस ने जयपुर में रहकर पाकिस्तान समर्थित आतंकी गतिविधियों को संचालित करने वाले संदिग्ध गुरविंदर सिंह को पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार किया है। आरोपी कश्मीर के प्रतिबंधित आतंकी संगठन टीआरएफ (द रेजिस्टेंस फ्रंट) और पाकिस्तानी आकाओं के सीधे संपर्क में था।
होटल की नौकरी बनी आतंकी साजिश का कवर
एटीएस के अनुसार, आरोपी गुरविंदर सिंह जयपुर रेलवे स्टेशन के सामने और सदर थाने के ठीक पीछे स्थित एक होटल में करीब दो महीने तक छिपकर रहा। वह यहाँ गाड़ी चलाने और अन्य फुटकर कामों के बहाने नौकरी कर रहा था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो। इसी दौरान उसने पाकिस्तान स्थित आतंकियों से संपर्क साधकर राजस्थान और पंजाब में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ग्रेनेड और एके-47 जैसे घातक हथियार मंगाने की कोशिश की।
बीएसएफ चौकी की रेकी और देशविरोधी गतिविधियां
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पंजाब के तरनतारन स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक महत्वपूर्ण चौकी की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तान भेजी थीं। एटीएस एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि आईजी राजेश सिंह के सुपरविजन में एएसपी सुरेंद्र सिंह की टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।
एंटी सोशल मीडिया सेल की पैनी नजर
एटीएस की एंटी सोशल मीडिया सेल को आरोपी की गतिविधियों का पता तब चला जब वह डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार देशविरोधी सामग्री साझा कर रहा था। आरोपी गुरविंदर सिंह सोशल मीडिया पर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर रहा था और कट्टरपंथियों के संपर्क में था।
