ACB की भनक लगते ही फरार हुआ पटवारी: दलाल को चाय की थड़ी पर घूस लेते रंगे हाथों दबोचा

जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जयपुर नगर चतुर्थ टीम ने गुरुवार को चौमूं क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने नामांतरण (म्यूटेशन) खोलने की एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एक निजी दलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं, कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी पटवारी सुरेंद्र स्वामी मौके से फरार हो गया

क्या था पूरा मामला?

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने दिसंबर 2025 में चौमूं तहसील के आलीसर पटवार हल्के के चारणवास क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। जमीन की रजिस्ट्री के बाद भी नामांतरण दर्ज करने के लिए आलीसर के पटवारी सुरेंद्र स्वामी ने अपने निजी दलाल भैरूराम यादव के माध्यम से 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

चाय की थड़ी पर बिछाया जाल

परिवादी की शिकायत पर 1 जुलाई को एसीबी ने सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 2 जुलाई को एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही चौमूं कस्बे में एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक चाय की थड़ी पर दलाल भैरूराम यादव ने परिवादी से 1 लाख रुपये की रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

फरार पटवारी की तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान पटवारी सुरेंद्र स्वामी को इसकी भनक लग गई और वह मौके से भागने में सफल रहा। आरोपी पटवारी की गिरफ्तारी के लिए एसीबी की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

अधिकारियों की देखरेख में कार्रवाई

यह कार्रवाई उप-महानिरीक्षक (द्वितीय) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजीलाल व उनकी टीम द्वारा की गई। वर्तमान में एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में गिरफ्तार दलाल से गहन पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment