करौली में ‘सट्टा किंग’ अमीनुद्दीन पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार: 35 करोड़ की 18 संपत्तियां होंगी कुर्क

करौली। राजस्थान के करौली जिले में पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ एक ऐतिहासिक कार्रवाई की है। करौली दंगे के मुख्य आरोपी और कुख्यात ‘सट्टा किंग’ अमीनुद्दीन के काले साम्राज्य को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस ने उसकी करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है।

35 करोड़ की 18 संपत्तियां कुर्क करने की तैयारी

एसपी लोकेश सोनवाल ने एक विशेष प्रेसवार्ता में इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमीनुद्दीन ने अवैध सट्टे के कारोबार से अकूत संपत्ति अर्जित की है। इस अवैध संपत्ति को कुर्क (जब्त) करने के लिए पुलिस ने हिण्डौन कोर्ट में चालान (इस्तगासा) पेश कर दिया है।

कुर्क की जाने वाली कुल 18 संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन संपत्तियों में मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • जयपुर में खरीदे गए दो आलीशान फ्लैट
  • एक होटल और एक बड़ा मकान
  • 19 बीघा 7 विस्वा कृषि भूमि
  • एक दुकान का व्यावसायिक भूखंड
  • एक लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी

करौली दंगे का मास्टरमाइंड और विदेशी संपत्तियों की जांच

एसपी सोनवाल ने बताया कि सट्टा किंग अमीनुद्दीन के खिलाफ पुलिस थानों में कुल 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह चर्चित करौली दंगे का भी मास्टरमाइंड रहा है। पुलिस की यह जब्ती की कार्रवाई नए आपराधिक कानून धारा 107 बीएनएसएस (BNSS) के तहत की जा रही है, जो अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने का कड़ा प्रावधान करती है।

पुलिस की जांच सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं है। सूत्रों और पुलिस जांच के अनुसार, सट्टा किंग द्वारा विदेश में भी भारी निवेश कर संपत्ति खरीदे जाने की पुख्ता जानकारी मिली है, जिसकी सघन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य सटोरियों और अपराधियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment