LPG संकट से राहत: राजस्थान के 50 हजार होटल-रेस्टोरेंटों में आज से जलेगी भट्टी, कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई शुरू

जयपुर। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से जारी एलपीजी (LPG) संकट के बीच बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्रदेश की होटल इंडस्ट्री, जो गैस की भारी किल्लत के चलते ‘वेंटिलेटर’ पर पहुँच गई थी, उसे अब नई ‘ऑक्सीजन’ मिली है। ऑयल कंपनियों ने रविवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई बहाल कर दी है, जिसके बाद आज, सोमवार से जयपुर सहित प्रदेशभर के करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंटों में सामान्य कामकाज शुरू होने की उम्मीद है।

मंत्री का दावा: 30% सप्लाई आज होगी पूरी

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने जानकारी दी कि कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आज लगभग 30 फीसदी प्रतिष्ठानों को सिलेंडर की सप्लाई मिल जाएगी और धीरे-धीरे स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अफवाह फैलाकर जनता के बीच ‘पैनिक’ (घबराहट) पैदा किया, जबकि ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर आपूर्ति निरंतर जारी है।

संकट ने बदली रसोई की सूरत

फेडरेशन ऑफ राजस्थान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र लूनिवाल के अनुसार, पिछले 6-7 दिनों से प्रदेश के किसी भी होटल को एक भी कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिला था। स्थिति इतनी विकट थी कि 15 हजार होटल और 35 हजार रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर थे। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर संचालकों ने इंडक्शन और महंगे डीजल भट्ठों का सहारा लिया, जिससे लागत में भारी बढ़ोतरी हुई और कई जगह ‘मेन्यू’ तक बदलना पड़ा।

बाजार में बदला ट्रेंड, घरेलू गैस के लिए अभी भी ‘जंग’

गैस संकट का असर बाजार पर भी दिखा, जहाँ पिछले एक सप्ताह में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में अचानक उछाल आया है। भविष्य की अनिश्चितता को देखते हुए अधिकांश संचालकों ने बिजली के उपकरणों को अपना लिया है। हालाँकि, कमर्शियल उपभोक्ताओं को राहत मिल गई है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर के लिए आम जनता को अभी भी संघर्ष करना पड़ रहा है। रविवार को भी गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं।

सियासी पारा भी गर्म एलपीजी की किल्लत ने प्रदेश की राजनीति को भी गरमा दिया है। गैस एजेंसियों पर मची अफरा-तफरी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि अगले दो-तीन दिनों में घरेलू गैस की स्थिति भी पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment