जयपुर:राजस्थान सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है । प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य के समस्त शासकीय विभागों और कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है । यह आदेश 31 मार्च, 2026 तक प्रभावी रहेगा ।
आदेश के अनुसार, वित्त वर्ष के अंत में कार्यालयी कार्यों के समयबद्ध और सुचारू निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है । मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि अत्यंत आवश्यक या आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी कार्मिक को छुट्टी नहीं दी जाएगी । साथ ही, जिन अधिकारियों या कर्मचारियों के अवकाश पहले से स्वीकृत हैं, वे भी केवल इमरजेंसी की स्थिति में ही उनका उपभोग कर सकेंगे ।
सरकार का उद्देश्य मार्च महीने के अंत तक पेंडिंग फाइल वर्क और बजट से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर पूरा करना है । सभी विभागाध्यक्षों और नियंत्रण अधिकारियों को इन निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है । इस आदेश की प्रति राज्यपाल सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय और सभी जिला कलेक्टरों को सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है ।
