जयपुर के आसमान में दिखेगा वायुसेना का जलवा: 20 और 22 फरवरी को जल महल पर ‘सूर्यकिरण’ और ‘सारंग’ का रोमांच; CM ने जांची तैयारियां

जयपुर: पिंक सिटी जयपुर एक बार फिर भारतीय वायुसेना के जांबाज विमानों और हेलिकॉप्टर्स के हैरतअंगेज प्रदर्शन का गवाह बनने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जयपुर में आयोजित होने वाले सूर्यकिरण (Surya Kiran) और सारंग (Sarang) एरोबेटिक शो के संबंध में विस्तृत जानकारी ली

दो दिन सजेगा आसमान, ट्राई कलर स्मोक होगा आकर्षण

वायुसेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह भव्य एरोबेटिक शो 20 और 22 फरवरी को जयपुर के प्रसिद्ध जल महल की पाल पर आयोजित किया जाएगा।

  • सूर्यकिरण टीम: इस शो में वायुसेना की सूर्यकिरण डिस्प्ले टीम के आधुनिक विमान आसमान में कलाबाजियां दिखाएंगे।
  • सारंग टीम: सारंग डिस्प्ले टीम के हेलिकॉप्टर्स भी अपनी ताकत और समन्वय का प्रदर्शन करेंगे।
  • तिरंगा धुआं: प्रदर्शन के दौरान विमानों द्वारा ट्राई कलर स्मोक (तिरंगा धुआं) छोड़ते हुए हवा में तिरंगा उकेरा जाएगा, जो दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होगा।

50 हजार दर्शकों के लिए व्यापक इंतजाम

इस रोमांचकारी हवाई शो को देखने के लिए आम जनता के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जल महल की पाल पर लगभग 50,000 दर्शकों के बैठने और शो का आनंद लेने की क्षमता विकसित की गई है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक के दौरान मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, स्टेशन कमांडर विनय भारद्वाज, विंग कमांडर अजय दशरथी और अभिजीत सिंह सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वायुसेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को इस ऐतिहासिक पल की स्मृति के रूप में छायाचित्र (फोटोग्राफ्स) भी भेंट किए।

Share This Article
Leave a Comment