राजस्थान में कड़ाके की सर्दी अब विदाई की ओर है। प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है, वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग (IMD) ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी।
इन जिलों में बादलों का डेरा बुधवार को हवा में नमी बढ़ने और स्थानीय स्तर पर बने एक सिस्टम के कारण बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर के कुछ इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि, इसका तापमान पर गिरावट जैसा असर नहीं दिखा। प्रदेश के 5 से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान अब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सर्दी का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है।
कहां कितना रहा तापमान? मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हिल स्टेशन माउंट आबू अभी भी प्रदेश में सबसे ठंडा है, जहाँ न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया।
- अन्य प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान:
- जयपुर: 16.9 डिग्री
- जोधपुर: 16.5 डिग्री
- कोटा: 13.0 डिग्री
- उदयपुर/सिरोही: 9.5 डिग्री
- चूरू: 13.8 डिग्री
- श्रीगंगानगर: 11.1 डिग्री
13 और 16 फरवरी को आएगा नया सिस्टम मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहेगा। हालांकि, 13 और 16 फरवरी को दो अलग-अलग कमजोर ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को अब गर्म कपड़ों से राहत मिलने लगी है।
