करौली: सोशल मीडिया पर ‘सवर्ण समाज’ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, भड़का आक्रोश; युवक पर मुकदमा दर्ज, पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम

By Admin

करौली। जिले के मंडरायल इलाके में सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा क्षत्रिय और सवर्ण समाज के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी से माहौल गरमा गया है। फेसबुक पर समाज के पूर्वजों और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालने वाले आरोपी के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को करणी सेना और सवर्ण समाज के सैकड़ों लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आक्रोशित समाज ने पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

क्या है पूरा मामला? जानकारी के अनुसार, पांचोली निवासी युवक रघुराज मीणा ने अपने फेसबुक अकाउंट से क्षत्रिय और सवर्ण समाज को निशाना बनाते हुए बेहद आपत्तिजनक पोस्ट की। आरोप है कि युवक ने समाज की बहन-बेटियों के वीडियो को गलत तरीके से एडिट कर पोस्ट किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पोस्ट में लिखा गया था कि “यूजीसी बिल के डर से सवर्ण समाज भाग गया” और “मुगलों के डर से क्षत्रिय अपनी बहन-बेटियों को छोड़ आए।” पूर्वजों और महिलाओं पर की गई इस तरह की टिप्पणी के बाद समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया।

बाजार में जुलूस निकालने और माफी की मांग करणी सेना मंडल अध्यक्ष ओमपाल सिंह के नेतृत्व में थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस के समक्ष सख्त मांगें रखीं। समाज के लोगों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर बाजार में उसका जुलूस निकाला जाए और वह सार्वजनिक रूप से सवर्ण समाज से माफी मांगे। इसके अलावा, जिन लोगों ने उस विवादित पोस्ट पर समर्थन में या गलत कमेंट किए हैं, पुलिस को उन सभी को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए।

24 घंटे का अल्टीमेटम आक्रोशित भीड़ ने प्रशासन को दो-टूक कहा है कि यह समाज के सम्मान से जुड़ा मामला है। यदि 24 घंटे में आरोपी सलाखों के पीछे नहीं हुआ, तो सवर्ण समाज सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगा। इस दौरान बलराम सिंह, सोनू शर्मा, सोनू सिंह, भोलू सिंह, धर्मपाल सिंह, रवि शर्मा, दीपेंद्र सिंह, नीरू सिंह, सचिन सिंह, अर्जुन सिंह और लालाराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment