करौली, राजस्थान की भजनलाल सरकार का अपराधियों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ ‘बुलडोजर एक्शन’ जारी है। करौली दंगे के मुख्य आरोपी और ‘सट्टा किंग’ के नाम से कुख्यात अमीनुद्दीन खान उर्फ अमीन खान द्वारा निर्मित अवैध होटल को ध्वस्त करने की कार्रवाई बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही।
नगर परिषद और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस जाब्ते के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि, बुधवार शाम को अंधेरा अधिक होने और सुरक्षा कारणों के चलते काम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह एक बार फिर मशीनें गरजेंगी और शेष अवैध निर्माण को जमींदोज किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी मशीनरी का उपयोग

नगर परिषद आयुक्त प्रेमराज मीना के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में एलएनटी और जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया। होटल की ऊंचाई अधिक होने के कारण प्रशासन को कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसके समाधान के लिए सड़क पर मिट्टी डलवाकर मशीनों को ऊपर चढ़ाया गया और ध्वस्तीकरण किया गया।
मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना और पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अंबेडकर सर्किल भट्टा क्षेत्र में अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल, एएसपी गुमनाराम, करौली डीएसपी अनुज शुभम और हिंडौन डीएसपी मुनेश कुमार सहित कई थानों का जाब्ता तैनात रहा।
कार्रवाई का मुख्य कारण
अमीनुद्दीन खान पर करौली में हुए दंगों की साजिश रचने का आरोप है। इसके साथ ही वह सट्टा कारोबार में भी संलिप्त रहा है। प्रशासन की जांच में पाया गया कि जिस होटल का संचालन किया जा रहा था, वह पूरी तरह अवैध रूप से निर्मित था। सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बाद, अपराधियों द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों पर यह बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
