तखतगढ़ सीएचसी में भामाशाहों का सराहनीय सहयोग: अस्पताल और आंगनबाड़ियों को भेंट की आधुनिक स्वास्थ्य सामग्री

पाली, सेवा और समर्पण की परंपरा को जीवंत रखते हुए गुरुवार को तखतगढ़ के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय भामाशाहों ने अस्पताल और क्षेत्र की आंगनबाड़ियों को स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण सामग्री दान स्वरूप भेंट की।

भामाशाहों का बड़ा योगदान

परशुराम ने जानकारी देते हुए बताया कि शा. रमेशकुमार, माणिकचंद, प्रतापजी, पन्नाजी (चूड़ा गली) के प्रेरक वीसाराम टिकमाजी कुमावत के सौजन्य से सीएचसी को दो बड़ी अलमारियां, दो बड़े ऑफिस टेबल और चार वीआईपी कुर्सियां प्रदान की गईं।

इसके साथ ही, क्षेत्र की छह आंगनबाड़ियों के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रत्येक केंद्र को:

  • डिजिटल बीपी मापक मशीन
  • व्यस्क वजन मापक उपकरण
  • बालक वजन मापक मशीन
  • हाइट मीटर भेंट किए गए।

अतिथियों ने सराहा जज्बा

नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज नामा ने कहा कि तखतगढ़ भामाशाहों की नगरी है और यहाँ समाजसेवा की परंपरा सदैव अग्रणी रही है। अस्पताल प्रभारी सुरेश चौधरी ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से सरकारी संस्थानों में सुविधाओं का विस्तार होता है।

इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष मनरूप सुथार, पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार चांदोरा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि अस्पताल में प्राप्त दान सामग्री का एक विधिवत रजिस्टर संधारित किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और समाज में सकारात्मक संदेश जाए।

Share This Article
Leave a Comment