अजमेर, अजमेर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर में नए पुलिस थाना भवन का शिलान्यास किया। 3.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक थाना अपराधियों, घुसपैठियों और अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का केंद्र बनेगा।
25 साल बाद अजमेर को मिला नया थाना
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में अजमेर शहर में कोई नया थाना नहीं खुला था। क्रिश्चियनगंज थाने पर कार्यभार (Workload) बहुत अधिक था, जिससे पुलिसिंग प्रभावित हो रही थी। उन्होंने बताया कि सरकार के गठन के साथ ही प्राथमिकता के आधार पर बजट में इस थाने की स्वीकृति दिलाई गई, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षा का अहसास हो सके।
1 लाख की आबादी होगी लाभान्वित
नया हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों को सुरक्षा प्रदान करेगा:
- कोटड़ा
- हरिभाऊ उपाध्याय नगर
- बीके कौल नगर
- रातीडांग और आसपास की घनी कॉलोनियां
संसाधनों और नफरी की मिली मंजूरी
राज्य सरकार ने केवल भवन ही नहीं, बल्कि थाने के संचालन के लिए आवश्यक बल और संसाधनों की भी प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है:
- पुलिस बल: निरीक्षक (1), उप निरीक्षक (4), सहायक उप निरीक्षक (5), हेड कांस्टेबल (7) और कांस्टेबल (35) सहित कुल 52 पदों की नफरी।
- संसाधन: जीप, मोटरसाइकिल, वायरलेस हैंडसेट, इंटरनेट और फर्नीचर के लिए 28.64 लाख रुपये अलग से स्वीकृत किए गए हैं।
अपराधियों पर होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि इस थाने के अस्तित्व में आने से क्षेत्र में अवैध कब्जों, अतिक्रमण और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगेगी। उन्होंने कहा कि अजमेर अब पर्यटन, विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, ऐसे में शांति और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अजमेर पुलिस अधीक्षक (SP) वंदिता राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
