करौली, करौली जिले की हिण्डौन सिटी पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में होटल का संचालक भी शामिल है।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
हिण्डौन डीएसपी मुनेश मीना ने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड स्थित दर्जनभर होटलों में अवैध गतिविधियों और बाहरी महिलाओं को बुलाकर वैश्यावृत्ति कराने की शिकायतें पिछले काफी समय से मिल रही थीं। कॉलोनीवासियों और स्थानीय लोगों की इस सूचना पर भरतपुर रेंज आईजी कैलाशचंद्र विश्नोई और करौली एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
‘कावेरी होटल’ में चल रहा था देह व्यापार
गठित टीम ने बुधवार को रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित कई होटलों पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ‘कावेरी होटल’ में अनैतिक देह व्यापार होता पाया गया। पुलिस ने मौके से:
- 03 महिलाओं (देह व्यापार में लिप्त)
- 01 पुरुष (ग्राहक)
- अजय (होटल का मालिक एवं संचालक) को गिरफ्तार किया है।
होटल मालिक ही था मुख्य सूत्रधार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल मालिक अजय अन्य महिलाओं के सहयोग से होटल की आड़ में इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था। पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA Act) के तहत हिण्डौन नई मंडी थाने पर मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी मुनेश मीना ने चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और ऐसे होटल संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
