विद्युत निगम भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट: 12 जिलों में होंगे एग्जाम, 30 मिनट पहले बंद होगा गेट; जानें एडमिट कार्ड और नए नियम

जयपुर: राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम (RVUNL) द्वारा प्रदेश के पांच विद्युत निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम (JEN-I) के कुल 869 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 29 और 30 नवंबर 2026 को किया जा रहा है। यह परीक्षा राजस्थान के 12 जिलों में आयोजित होगी। कुल 869 पदों में इलेक्ट्रिकल के 727, मैकेनिकल के 110 और सिविल के 32 पद शामिल हैं।

कॉल लेटर अपलोड, SMS और ई-मेल से दी गई सूचना

भर्ती की नोडल एजेंसी विद्युत उत्पादन निगम के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के कॉल लेटर (एडमिट कार्ड) विद्युत निगमों की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट से अपने कॉल लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। इससे पहले 19 नवंबर 2026 को परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के जिले की सूचना जारी की गई थी, जिसकी जानकारी अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल के माध्यम से भी भेजी जा चुकी है।

नकल रोकने के लिए AI तकनीक और आधार सत्यापन

परीक्षा में अनुचित साधनों और नकल की रोकथाम के लिए इस बार बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का ‘आधार’ से सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो पूरे समय वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। फर्जीवाड़े को पूरी तरह रोकने के लिए परीक्षा केंद्र पर ली जाने वाली अभ्यर्थी की लाइव फोटो का मिलान आवेदन पत्र में अपलोड की गई स्कैन फोटो और लाइव फोटो से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक के जरिए किया जाएगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश और परीक्षा पैटर्न

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निम्नलिखित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा:

  • जरूरी दस्तावेज: कॉल लेटर के साथ एक नवीनतम फोटो, मूल फोटो पहचान पत्र और उसकी एक फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है।
  • रिपोर्टिंग टाइम: अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा समय से 30 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।
  • परीक्षा पैटर्न: परीक्षा की अवधि 2 घंटे की होगी, जिसमें 140 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है। परीक्षा स्कीम, इनफॉर्मेशन हैंडआउट और मॉक टेस्ट लिंक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

विशेष सतर्कता दल तैनात, हेल्पलाइन नंबर जारी

परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर विद्युत निगमों के अधिशाषी व सहायक अभियंता स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में ‘विशेष सतर्कता दल’ गठित किए गए हैं, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जयपुर स्थित विद्युत भवन में कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन डेस्क (9414056655) स्थापित की गई है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment