जयपुर: राजधानी के बहुचर्चित न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में प्रभावित व्यापारियों और संपत्ति मालिकों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी आंशिक कानूनी राहत मिली है। देश की शीर्ष अदालत ने राजस्थान हाईकोर्ट के उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है, जिसके तहत प्रभावितों के लिए निचली अदालतों और जेडीए अपीलीय न्यायाधिकरण के दरवाजे बंद कर दिए गए थे। इस फैसले के बाद जहां व्यापारियों में खुशी की लहर है, वहीं जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की चिंता बढ़ गई है।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने जेडीए की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सीधी रोक नहीं लगाई है, लेकिन प्रभावितों को कानूनी लड़ाई लड़ने का अधिकार वापस मिल गया है। अब जिन संपत्ति मालिकों के पास वैध पट्टे, स्वीकृत नक्शे और पूर्व की कार्रवाइयों से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं, वे जेडीए की पैमाइश, अतिक्रमण नोटिस और अपने पट्टों की वैधता को सक्षम न्यायिक मंच पर चुनौती देकर कानूनी राहत की मांग कर सकेंगे।
क्या था हाईकोर्ट के आदेश का पैरा-18?
राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायाधीश इंद्रजीत सिंह और न्यायाधीश संगीता शर्मा की खंडपीठ ने 16 नवंबर 2026 को एक सख्त आदेश पारित किया था। इस आदेश के पैरा-18 में स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि सोडाला (अजमेर रोड) से लेकर गुर्जर की थड़ी तक की विवादित सड़क पर स्थित संपत्तियों से जुड़े किसी भी वाद, अपील या आवेदन पर कोई भी सिविल कोर्ट या ट्रिब्यूनल—जिसमें जेडीए अपीलीय न्यायाधिकरण भी शामिल है—सुनवाई नहीं करेगा। सुप्रीम कोर्ट के ताजा हस्तक्षेप से अब इस पाबंदी पर अंतरिम रोक लग गई है।
6 अगस्त से शुरू हुआ था कार्रवाई का सिलसिला
इस मामले की शुरुआत 6 अगस्त 2026 को हुई थी, जब हाईकोर्ट ने जेडीए को 2.4 किलोमीटर लंबी इस सड़क से दो महीने के भीतर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। निर्धारित समय में काम पूरा न होने पर जेडीए ने चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा। इसके बाद 16 नवंबर को हुई सुनवाई में जेडीए ने दो सप्ताह की और मोहलत मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। हालांकि, हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए जेडीए आयुक्त, नगर निगम आयुक्त और जेडीए सचिव को दो सप्ताह में शेष अतिक्रमण पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए थे और कार्रवाई पूरी न होने पर अगली सुनवाई में तीनों अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा था।
जेडीए की पैमाइश पर पहले से उठ रहे थे सवाल
न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए द्वारा की गई पैमाइश को लेकर स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में लंबे समय से नाराजगी है। विशेष रूप से अजमेर रोड टी-पॉइंट के पास सड़क की चौड़ाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि मौके पर सड़क पहले से ही 98 फीट चौड़ी है, इसके बावजूद जेडीए ने एक तरफ 24 फीट तक अतिक्रमण चिह्नित कर दिया है। सड़क के कई अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की विसंगतियां सामने आई हैं, जिन्हें अब कोर्ट में चुनौती दी जा सकेगी।
2013 में भी टूटे थे 150 से ज्यादा निर्माण
चौड़ीकरण की जद में आ रहे कई व्यापारी दशकों से यहां अपना कारोबार चला रहे हैं और यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। व्यापारियों का दावा है कि वर्ष 2013 में भी इसी सड़क पर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई थी, जिसमें 150 से अधिक निर्माण प्रभावित हुए थे। व्यापारियों का आरोप है कि एक बार पहले ही नुकसान झेल चुके उन्हीं निर्माणों को अब फिर से चौड़ीकरण के दायरे में लाया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर विवाद और गहरा गया है।