डीडवाना। डीडवाना पुलिस ने करोड़ों रुपए के कथित फर्जी जीएसटी (GST) लेनदेन के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद जीएसटी के नाम पर फर्जी बिलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के कथित अवैध हस्तांतरण और विभिन्न फर्मों के जरिए किए गए लेनदेन की कई परतें खुलने लगी हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 65 लाभार्थी फर्मों को लगभग 10 करोड़ रुपए की आईटीसी का अनुचित लाभ पहुंचाने की आशंका सामने आई है।
मुख्य आरोपी के खिलाफ दर्ज थे 8 प्रकरण
पुलिस ने इस पूरे मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी मोहम्मद एहसान कुरैशी (पुत्र शकील, निवासी महिला पुलिस थाने के पास, डीडवाना) को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, एहसान कुरैशी के खिलाफ डीडवाना थाने में पहले से आठ प्रकरण दर्ज थे, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और जांच के दौरान मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने छह अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों की सूची
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में चार्टर्ड अकाउंटेंट, अकाउंटेंट और आईटीसी लेनदेन से जुड़े लोग शामिल हैं:
- मोहम्मद एहसान कुरैशी: मुख्य आरोपी, निवासी महिला पुलिस थाने के पास, डीडवाना
- सीए पंकज शर्मा: निवासी मिठड़ी, पुलिस थाना जसवंतगढ़
- सीए मनीष कुमार: निवासी खारड़िया, थाना नावां शहर
- सीए बसंत कुमार: निवासी तुनवा, थाना नेछवा
- अकाउंटेंट रामपाल शर्मा: निवासी जैसलान, पुलिस थाना जसवंतगढ़
- अकाउंटेंट आसिफ कुरैशी: निवासी मारवाड़ बालिया, पुलिस थाना डीडवाना
- अम्मार साबिर अली: आईटीसी लेनदेन से जुड़ा आरोपी, निवासी 321 कमला नेहरू नगर, जोधपुर
फर्म संचालकों और मध्यस्थों की तलाश, दूसरे राज्यों तक जुड़ सकते हैं तार
पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह मामला किसी एक व्यक्ति या फर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अकाउंटेंट, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आईटीसी का लेनदेन करने वाले लोगों के साथ-साथ ठेकेदारों, व्यापारियों और अन्य व्यावसायिक संस्थाओं की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन 65 लाभार्थी फर्मों के संचालक कौन हैं, किस फर्म ने फर्जी बिल जारी किए, किसने आईटीसी का लाभ उठाया और किन लोगों ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई।
जोधपुर, नावां शहर, जसवंतगढ़ और नेछवा क्षेत्र से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच की आंच राजस्थान के अन्य जिलों के साथ-साथ राज्य के बाहर की फर्मों तक भी पहुंच सकती है।
ऐसे चलता था फर्जी बिलिंग का पूरा खेल
जीएसटी नियमों के अनुसार, कोई भी कारोबारी निर्धारित शर्तों के तहत खरीद पर चुकाए गए टैक्स का क्रेडिट (ITC) लेकर अपनी बिक्री पर बनने वाली टैक्स देनदारी में उसका समायोजन कर सकता है। हालांकि, इसके लिए वास्तविक खरीद तथा माल या सेवा की आपूर्ति होना अनिवार्य है। इस पूरे मामले में वास्तविक लेनदेन के बिना केवल फर्जी बिल तैयार कर आईटीसी को एक फर्म से दूसरी फर्म तक पहुंचाने और उसका दुरुपयोग करने का खेल चल रहा था।