IAS शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की SLP: ACB की FIR और पूर्व स्वीकृति को दी चुनौती, तीन पुराने प्रशासनिक फैसलों की जांच पर उठाए बड़े सवाल!

जयपुर: बहुचर्चित 64 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण में राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राजस्थान हाईकोर्ट से अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद अब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अग्रवाल ने सोमवार को शीर्ष अदालत में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर कर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एफआईआर और राज्य सरकार द्वारा जांच के लिए दी गई पूर्व स्वीकृति को चुनौती दी है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से एफआईआर के आधार पर किसी भी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने और अंतरिम संरक्षण देने की गुहार लगाई है। इस मामले में 26 नवंबर को सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

हाईकोर्ट में पहली सुनवाई से ठीक पहले दर्ज हुई थी FIR

सुप्रीम कोर्ट में दायर एसएलपी में शिखर अग्रवाल ने राजस्थान हाईकोर्ट के 19 नवंबर के आदेश को चुनौती दी है। याचिका के अनुसार, उन्होंने 17 नवंबर 2026 को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर 30 अक्टूबर को दी गई जांच की पूर्व स्वीकृति और प्रारंभिक जांच को चुनौती दी थी, साथ ही अंतरिम संरक्षण मांगा था। अग्रवाल का आरोप है कि हाईकोर्ट में इस याचिका पर पहली सुनवाई होने से ठीक पहले ही एसीबी ने एफआईआर दर्ज कर ली, जो उसी पूर्व स्वीकृति पर आधारित है जिसे चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत पर कोई निर्णय न लेते हुए अगली सुनवाई 18 दिसंबर 2026 तय कर दी थी। ऐसे में अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी है कि उन्हें जांच एजेंसी की कार्रवाई से तत्काल संरक्षण की आवश्यकता है। हालांकि, उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया है।

सरकार को पहले ही संपत्तियों का ब्योरा देने का दावा

याचिका में शिखर अग्रवाल ने अपने लंबे प्रशासनिक सेवाकाल और सेवा रिकॉर्ड का हवाला दिया है। उन्होंने बताया कि वे अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी हैं और वर्तमान में एपीओ (APO) हैं। उनका दावा है कि उनके और परिवार के सदस्यों द्वारा खरीदी गई रिसॉर्ट इकाइयों, उनके भुगतान और संपत्तियों का पूरा विवरण सरकार को पहले ही उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके साथ ही वार्षिक अचल संपत्ति विवरण (IPR) में भी इन संपत्तियों का स्पष्ट उल्लेख किए जाने की बात याचिका में कही गई है।

तीन प्रशासनिक फैसलों को जांच में शामिल करने पर उठाए सवाल

शिखर अग्रवाल ने अपनी याचिका में विभिन्न पदों पर रहते हुए लिए गए तीन प्रमुख प्रशासनिक फैसलों को जांच के दायरे में शामिल किए जाने पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं:

  • उदयपुर कलक्टर रहते हुए फैसला: 24 नवंबर 2006 को उदयपुर जिला कलक्टर के पद पर रहते हुए बुझड़ा क्षेत्र में एक पर्यटन इकाई के लिए किया गया भूमि रूपांतरण।
  • प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष के रूप में निर्णय: 14 दिसंबर 2023 को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष रहते हुए अजबगढ़ रिसॉर्ट के लिए ‘कंसेंट टू एस्टेब्लिश’ से जुड़ा फैसला।
  • उद्योग विभाग के एसीएस के तौर पर निर्णय: वर्ष 2026 में उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रहते हुए रीप्स (RIPS) के तहत कस्टमाइज्ड निवेश पैकेज से संबंधित निर्णय।

याचिकाकर्ता का तर्क है कि ये सभी फैसले अलग-अलग विभागीय प्रक्रियाओं और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर नियमानुसार लिए गए थे और इनका उनकी रिसॉर्ट इकाइयों से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं, जिससे तय होगा कि अग्रवाल को एसीबी की कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम संरक्षण मिलता है या नहीं।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment