टोंक: जिले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 में पंचायत चुनाव परिणाम आने के बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां से भाजपा प्रत्याशी की हार के महज कुछ ही घंटों बाद गांवों और ढाणियों में दीपावली से पहले लगाई गई करीब 50 रोड लाइटों को बिजली निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उतार लिया। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई करार दिया है।
हार के कुछ घंटे बाद ही पहुंची बिजली निगम की टीम

वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत के अनुसार, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के पीए की पत्नी प्रियंका शर्मा पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि दीपावली से पहले प्रियंका शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई गई थीं। लाइटें लगने से लोगों को अंधेरे से बड़ी राहत मिली थी और ग्रामीणों ने इस पहल की काफी सराहना भी की थी। लेकिन शुक्रवार को चुनाव परिणाम में प्रियंका शर्मा की हार के कुछ ही घंटे बाद शाम को बिजली निगम पीपलू की गाड़ी मौके पर पहुंची और सभी लाइटें खोलकर ले गई।
ग्रामीणों का विरोध, अधिकारियों ने लाइटों को बताया अवैध
लाइटें उतारे जाने पर ग्रामीणों ने इसे ‘चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात’ बताते हुए कड़ा विरोध जताया। विरोध के बीच बिजली निगम के अधिकारियों ने तर्क दिया कि ये सभी लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं। बिजली निगम पीपलू के एईएन (AEN) गोवर्धन चौधरी ने स्पष्ट कहा कि जहां भी अवैध रूप से लाइटें लगाई गई हैं, वहां विभाग की गाड़ी भेजकर उन्हें हटाया जाएगा।

ग्रामीणों ने पूछे तीखे सवाल
बिजली निगम की इस त्वरित कार्रवाई ने ग्रामीणों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब दीपावली से पहले ये लाइटें लगाई जा रही थीं, तब बिजली विभाग ने इन्हें रोकने या हटाने की कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि क्षेत्र में कई अन्य स्थानों पर भी ऐसी ही लाइटें लगी हुई हैं, ऐसे में चुनाव हारने के ठीक बाद केवल इसी वार्ड में लाइटें हटाने की कार्रवाई क्या किसी के दबाव में की गई है?