राजस्थान ब्यूरोक्रेसी में हड़कंप: 3 रिसॉर्ट में 64 विला खरीदने के मामले में IAS शिखर अग्रवाल को नहीं मिली राहत, जानें पूरा मामला

जयपुर: राजस्थान के चर्चित अजबगढ़ रिसॉर्ट और 64 विला-कॉटेज खरीद मामले में वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। जस्टिस अनिल कुमार उपमन की एकलपीठ ने अग्रवाल की आपराधिक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर अपना जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं।

IAS शिखर अग्रवाल ने अपनी याचिका में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई, दर्ज की गई एफआईआर और जांच की पूर्व स्वीकृति को चुनौती देते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने इस मांग पर कोई अंतरिम राहत या अंतिम फैसला नहीं दिया है और पहले राज्य सरकार का पक्ष मांगा है।

क्या है 64 विला-कॉटेज खरीद का पूरा मामला?

जांच में सामने आया है कि करीब ढाई साल की अवधि में एक ही निजी कंपनी से पहले 40 विला और कॉटेज खरीदे जाने का मामला उजागर हुआ था। इसके बाद ACB की कार्रवाई में 24 और विला खरीदे जाने का बड़ा खुलासा हुआ। इन सभी 64 विला की खरीद में शिखर अग्रवाल के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्यों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन विला को निर्धारित बाजार और डीएलसी दरों से काफी कम कीमत पर खरीदा गया और इसके बदले संबंधित कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

ACB ने IAS शिखर अग्रवाल और कंपनी निदेशकों पर दर्ज की FIR

मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद बुधवार को ACB ने वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल के साथ-साथ गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकुन्द शरण गोयल और प्रबंध निदेशक संजय गोयल के खिलाफ FIR दर्ज की है। ACB की प्राथमिक जांच में पद के कथित दुरुपयोग और परिवार के सदस्यों के नाम पर रियायती दरों पर संपत्ति खरीदने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस पूरे प्रकरण में शिखर अग्रवाल की पत्नी और IPS अधिकारी प्रशाखा माथुर का नाम भी चर्चा में रहा, हालांकि ACB ने अपनी FIR में उनका नाम आरोपी के तौर पर शामिल नहीं किया है।

तीन अलग-अलग रिसॉर्ट में खरीदे गए 64 विला, ऐसे हुआ खेल

ACB की जांच रिपोर्ट के अनुसार, शिखर अग्रवाल और उनके परिजनों ने प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों के रिसॉर्ट में कुल 64 विला खरीदे थे:

  • उदयपुर का बूझड़ा रिसॉर्ट (20 विला): 3 अक्टूबर 2023 को शिखर अग्रवाल और उनकी पत्नी के नाम पर 10-10 विला खरीदे गए। प्रत्येक विला की कीमत 15 लाख रुपए दर्शाई गई थी। बाद में इन सभी विला को वापस उसी कंपनी को लीज पर दे दिया गया।
  • अलवर का अजबगढ़ रिसॉर्ट (20 विला): 27 मार्च 2026 को शिखर अग्रवाल, उनकी पत्नी, बेटों और सास-ससुर के नाम पर 20 विला खरीदे गए। इनकी कीमत 14 लाख से 16.50 लाख रुपए के बीच बताई गई। ACB का आरोप है कि ये कीमतें डीएलसी दर से करीब 3.5 से 4.5 लाख रुपए कम थीं, जबकि इसी रिसॉर्ट में अन्य खरीदारों को विला डीएलसी दर से लगभग 6 लाख रुपए अधिक में बेचे गए। इससे कंपनी को करीब दो करोड़ रुपए का अनुचित लाभ पहुंचने का आरोप है।
  • जयपुर रिसॉर्ट (24 विला): 15 अक्टूबर 2026 को शिखर अग्रवाल के बेटों के नाम पर 24 विला खरीदे गए। दस्तावेजों में प्रत्येक विला की कीमत मात्र 11 लाख रुपए बताई गई, जबकि कंपनी की विवरणिका (ब्रोशर) में इनकी कीमत 59 लाख रुपए दर्ज थी। ACB ने अकेले इस खरीद में करीब 3.5 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सभी की निगाहें राज्य सरकार के उस जवाब पर टिकी हैं, जिसे तीन सप्ताह के भीतर हाईकोर्ट में पेश किया जाना है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment