जयपुर: राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही अनैतिक और अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। बजाज नगर थाना पुलिस ने टोंक पुलिया के पास स्थित ग्लोरी थाई स्पा सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 युवतियों और 5 युवकों सहित कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के इस अचानक छापे से सेंटर और आसपास के इलाकों में भारी हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
बजाज नगर थाना पुलिस को पिछले कुछ समय से इलाके के स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों और नियमों की अनदेखी की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। 27 सितंबर को पुलिस टीम ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। जब टीम टोंक पुलिया के पास ग्लोरी थाई स्पा सेंटर पहुंची, तो वहां निर्धारित सरकारी गाइडलाइन की भारी अवहेलना पाई गई।
पुलिस को देखते ही मची अफरा-तफरी
पुलिस के स्पा सेंटर में दाखिल होते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से 14 महिलाओं और 5 पुरुषों को हिरासत में ले लिया। इन सभी 19 लोगों को बीएनएसएस (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि सेंटर में अनैतिक गतिविधियों का नेटवर्क किस स्तर पर फैला हुआ था और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं।
शहर के सभी स्पा सेंटर पुलिस के रडार पर
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जयपुर शहर में स्पा की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर भर के स्पा सेंटर अब पुलिस की कड़ी निगरानी में हैं और निर्धारित नियमों व सरकारी गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
स्पा सेंटर पर यह कार्रवाई बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोबाल के नेतृत्व में की गई। इस विशेष टीम में सहायक उपनिरीक्षक मुकेश चन्द, कांस्टेबल कन्हैयालाल, दीपक कुमार, महेन्द्र कुमार, रामावतार और महिला कांस्टेबल मौसम शामिल रहीं।