कमियां दूर होने के बाद भी रिश्वत का दबाव, फैक्ट्री इंस्पेक्टर 20 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सीकर/जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सीकर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कारखाना एवं बॉयलर्स निरीक्षण विभाग के निरीक्षक मोहित शर्मा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्पेक्टर ने एक फैक्ट्री मालिक से निरीक्षण के दौरान निकाली गई कमियों को दूर करने के बावजूद, भविष्य में परेशान न करने की एवज में इस घूस की मांग की थी।

निरीक्षण में निकाली थी चार कमियां, पूर्ति के बाद भी मांगा पैसा

ACB को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी निरीक्षक मोहित शर्मा ने तारानगर स्थित श्रीराम टिम्बर एवं फर्नीचर फैक्ट्री का निरीक्षण किया था। इस दौरान उसने चार पूर्तियोग्य कमियां निकाली थीं। परिवादी ने तय समय में इन सभी कमियों को दूर कर दिया था। इसके बावजूद, आरोपी इंस्पेक्टर ने भविष्य में नई कमियां नहीं निकालने और कोई विभागीय कार्रवाई न करने का दबाव बनाते हुए 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

25 हजार में तय हुआ सौदा, 20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन करवाया। 24 सितंबर 2026 को हुए सत्यापन के दौरान 30 हजार रुपये मांगने की पुष्टि हुई और अंततः 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

ट्रेप की योजना तैयार होने के बाद, जयपुर नगर तृतीय इकाई ने ACB उपमहानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय (जयपुर) ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में जाल बिछाया। टीम ने सीकर में कार्रवाई करते हुए आरोपी निरीक्षक मोहित शर्मा को परिवादी से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ जारी है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की अपील

ACB ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आएं और बेखौफ होकर शिकायत दर्ज कराएं। यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ ACB में प्रकरण या जांच दर्ज है, तो वह सीधे विभाग से संपर्क कर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है।

भ्रष्टाचार संबंधी किसी भी शिकायत के लिए ACB के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment