जयपुर से अपहरण कर टोडाभीम में नृशंस हत्या: सौरभ हत्याकांड के 2 और मुख्य आरोपी सांगानेर से गिरफ्तार

जयपुर: जयपुर शहर में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगरिया थाना पुलिस ने चर्चित सौरभ उर्फ गोलू हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों—कपिल मीणा और सोनू मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस अब तक कुल 4 मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।

कुंदनपुरा से अपहरण कर टोडाभीम के जंगलों में की थी हत्या

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन, सहायक पुलिस आयुक्त (वृत्त सांगानेर) दीपक खंडेलवाल के सुपरविजन और थानाधिकारी रामनगरिया अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

वारदात के अनुसार, आरोपी प्रियांशु मीणा, हरकेश मीणा और उनके अन्य सहयोगियों ने सौरभ उर्फ गोलू का कुंदनपुरा रेलवे फाटक के पास से अपहरण किया था। आरोपी उसे जबरन अपनी स्विफ्ट कार (Swift Car) में डालकर दौसा होते हुए टोडाभीम (करौली) ले गए। गांव खेड़ी व मरेड़ा के पास सुनसान जंगल-चारागाह में एक कच्ची पगडंडी रोड पर ले जाकर आरोपी कपिल मीणा, सोनू मीणा, प्रियांशु और हरकेश मीणा ने डंडे, बेल्ट तथा कार के गेट में लगने वाले रबर से निर्दयतापूर्वक मारपीट कर सौरभ की नृशंस हत्या कर दी।

साक्ष्य मिटाने के लिए चलती कार से फेंकी थी लाश

हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने टोडाभीम बाईपास से रंगलालपुरा व मिल्कीपुरा के खेतों से होते हुए नंगल लाट जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों में चलती गाड़ी से सौरभ का शव नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

सटीक सूचना पर पुलिस ने सांगानेर से दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के संभावित छुपने के स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी बीच कांस्टेबल सुशील कुमार से मिली सटीक सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने इनामी आरोपी कपिल मीणा और सोनू मीणा को जयपुर के सांगानेर से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

अब तक गिरफ्तार आरोपी:

  • कपिल मीणा
  • सोनू मीणा
  • प्रियांशु मीणा
  • हरकेश मीणा

दर्ज मामला और आगे की कार्रवाई थाना रामनगरिया में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 189(2) और 140(1) के तहत प्रकरण संख्या 344/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पीसी रिमांड पर लेगी, ताकि मामले की गहन पूछताछ की जा सके।

इस पूरी कार्रवाई में रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर, हेड कांस्टेबल प्रभुदयाल, गौरव, दशरथ तथा कांस्टेबल मुनेश, शंकर लाल, शिवपाल, गणेश कुमार, सुशील कुमार व लोकेश की सराहनीय भूमिका रही। विशेष रूप से आरोपियों की गिरफ्तारी में कांस्टेबल मुनेश (4896) और सुशील कुमार (11015) का अहम योगदान रहा।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment