जयपुर में रिश्तों का खून: मामूली रोक-टोक से खौला 25 वर्षीय पोते का खून, चाकू से गोदकर की बुजुर्ग दादी की हत्या

जयपुर: राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना इलाके की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली घरेलू रोक-टोक के चलते रिश्तों की सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं, जहां एक 25 वर्षीय पोते ने अपनी ही बुजुर्ग दादी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पोते पुलकित को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

दादी की रोक-टोक से नाराज था पोता

प्रारंभिक पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पुलकित और उसकी दादी विमला के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी। मृतका दादी अक्सर उसे कई कामों के लिए रोकती-टोकती थीं। घटना के वक्त भी पुलकित कहीं जाने की तैयारी में था और दादी द्वारा टोके जाने पर वह आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने घर में रखा धारदार चाकू उठाया और बुजुर्ग दादी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे गंभीर रूप से घायल विमला की मौके पर ही मौत हो गई।

पिता से झूठ बोलकर छिपाने की कोशिश

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी नीचे आया। रास्ते में जब उसके पिता ने उसके हाथों पर खून के धब्बे देखे, तो उन्होंने इसकी वजह पूछी। शातिर तरीके से पुलकित ने अपने पिता से झूठ बोलते हुए कहा कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। जब पिता ने उसे तुरंत अस्पताल चलने को कहा, तो उसने कहा कि वह पहले अपनी मां को ऊपर से बुलाकर लाता है।

परिजनों के सामने खुला राज, मचा कोहराम

जब परिजन ऊपर कमरे में पहुंचे तो बुजुर्ग विमला का खून से लथपथ शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों के सामने आते ही आरोपी का झूठ बेनकाब हो गया और उसने पूरी घटना की सच्चाई बयां कर दी। इसके बाद पड़ोसियों की सूचना पर भट्टा बस्ती थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए ADCP बजरंग सिंह शेखावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि आरोपी पुलकित का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था। पुलिस इस चिकित्सकीय पहलू और अन्य सभी एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment