पेट दर्द का इलाज कराने गई थी दो मासूमों की मां… शव बनकर लौटी, निजी मेट्रो अस्पताल में भारी हंगामा

जयपुर: राजधानी के वैशाली नगर इलाके में मामूली पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची 27 वर्षीय गर्भवती सुमन देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह एक महीने की गर्भवती थीं और अपने पीछे डेढ़ और तीन साल के दो मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए अस्पताल का घेराव कर दिया, जिसके बाद माहौल बिगड़ता देख अस्पताल का पूरा स्टाफ मौका पाकर फरार हो गया।

इलाज के नाम पर ‘रेफर-रेफर’ का खेल और 4 अस्पतालों के चक्कर

खातीपुरा के चौधरी मार्केट निवासी सुमन देवी को शनिवार सुबह करीब 8 बजे सिरसी रोड स्थित एक निजी मेट्रो अस्पताल में पेट दर्द के चलते भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि दिनभर इलाज के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती रही और शाम 4 बजे जब महिला की हालत गंभीर हुई, तो अस्पताल ने उन्हें दूसरे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली और उन्हें पहले एसएमएस (SMS) अस्पताल तथा वहां से सांगानेरी गेट स्थित महिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

6 यूनिट ब्लड चढ़ाने के बाद खड़े किए हाथ

मृतका के ससुर राजेश मिरोठा ने वैशाली नगर थाने में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में हालत बिगड़ने पर अपनी गलती छुपाने के लिए आनन-फानन में महिला को 6 यूनिट ब्लड चढ़ा दिया गया, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय डॉक्टरों ने अंत में अपने हाथ खड़े कर दिए।

परिजनों और व्यापारियों का प्रदर्शन, मुआवजे की मांग

ऑटो चालक पति ओमप्रकाश पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से गुस्साए खातीपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष भवानी सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोग अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि:

  • दोषी डॉक्टरों और स्टाफ को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
  • पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए।
  • मृतका के आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाए।

भारी जनाक्रोश को देखते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment