बड़ी बेटी के अफेयर ने बना दिया राहुल झा को हैवान, गुस्सा इतना की पत्थर से कर दिए ताबड़तोड़ 20 वार

जयपुर। राजधानी के करधनी थाना क्षेत्र स्थित कालवाड़ रोड के गोविंदपुरा इलाके में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड का जयपुर पश्चिम पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। अपनी ही सोती हुई पत्नी और तीन मासूम बेटियों की सीमेंट के भारी-भरकम ब्लॉक से सिर व चेहरा कुचलकर निर्मम हत्या करने वाले भगोड़े आरोपी राहुल कुमार झा (45) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। जयपुर पुलिस की स्पेशल टीमों ने आरोपी का पीछा करते हुए उसे रींगस (सीकर) से उस समय दबोच लिया, जब वह बस से खाटूश्यामजी भागने की फिराक में था।

सोती हुई पत्नी-बेटियों पर सीमेंट ब्लॉक से किए ताबड़तोड़ वार

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 11 सितंबर 2026 की है। करधनी के गोविंद वाटिका (प्लॉट नंबर ए-169) स्थित मकान के भीतर एक महिला गीता झा और उसकी तीन बेटियों—नंदिनी, राधिका और ग्रेशिका उर्फ गौरी के लहूलुहान शव मिले थे। सभी के ललाट और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। वारदात के बाद से ही घर का मुखिया राहुल कुमार झा पुत्र लक्ष्मीनाथ झा फरार था। आरोपी के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​बेटी के चरित्र पर शक और गृहक्लेश बनी हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी राहुल अपनी बड़ी बेटी नंदिनी के चाल-चलन पर शक करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी को संदेह था कि कोई युवक उससे मिलने घर आता है और नंदिनी उसके साथ बाहर जाती है। जब राहुल इस बात का विरोध करता था, तो पत्नी गीता हमेशा अपनी बेटी का पक्ष लेती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता था। वारदात की रात भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत घर में रखे सीमेंट के ब्लॉक से सोती हुई पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर चारों को मौत के घाट उतार दिया।

​रींगस में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवान ने स्वयं मौका-मुआयना कर आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) राजेश गुप्ता के निर्देशन, झोटवाड़ा एसीपी शिवकुमार भारद्वाज, करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह तथा जिला विशेष टीम (DST) प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
​जांच के दौरान डीएसटी के कांस्टेबल सांवरमल को सूचना मिली कि आरोपी बस में सवार होकर सीकर के खाटूश्यामजी की ओर भाग रहा है। सूचना मिलते ही जयपुर से डीएसटी व सीएसटी की टीमों ने रींगस और खाटूश्यामजी मार्ग पर घेराबंदी की और रींगस में आरोपी को दबोचकर जयपुर ले आई।
​लूट व रंगदारी का पुराना अपराधी है आरोपी

​पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल झा आदतन अपराधी है और पहले भी जेल जा चुका है। उस पर पूर्व में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं:

थाना विधायकपुरी (2003): धोखाधड़ी व रंगदारी (धारा 420, 384 आईपीसी)
​थाना विद्याधर नगर (2010): लूट (धारा 392 आईपीसी)
​थाना झोटवाड़ा (2010): लूट व चोरी का माल रखने (धारा 392, 411, 34 आईपीसी)
​पुलिस आरोपी से हत्या की साजिश, घटनाक्रम के अन्य पहलुओं और संभावित कारणों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment