ब्यावर तेल चोरी कांड: SOG ने 8 लाख लीटर कच्चा तेल चुराने वाले मुख्य आरोपी रविंद्र धारी यादव को किया गिरफ्तार

जयपुर: राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने ब्यावर जिले के नासून क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की पाइपलाइन से लगभग 8 लाख लीटर कच्चा तेल चोरी करने के मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई तेल चोरी के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

वारदात का तरीका और पुलिस जांच

मार्च-अप्रैल 2025 में सामने आए इस मामले में IOCL के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन द्वारा SOG थाना जयपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ग्राम नासून (तहसील मसूदा) में चरागाह भूमि से गुजर रही IOCL की भूमिगत सलाया-मथुरा पाइपलाइन (SMPL-24) में शातिर तरीके से छेद कर अवैध वाल्व लगा दिया था।

इसके बाद, लोहे और हाइड्रोलिक प्लास्टिक पाइप फ्लैंज की मदद से पाइपलाइन से लगभग 285 मीटर लंबी नाली खोदकर उसमें पाइप दबाए गए और कुल 36 टैंकर (लगभग 8 लाख लीटर) अत्यधिक ज्वलनशील कच्चे तेल की चोरी को अंजाम दिया गया।

मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी और रिमांड

SOG के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और BTS डेटा के गहन विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी रविंद्र धारी यादव (60 वर्ष), निवासी जलालपुर (उत्तर प्रदेश, हाल निवासी भरूच, गुजरात) की संलिप्तता पुख्ता पाई गई। SOG ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 9 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में SOG अब तक कुल 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रकरण में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही और भी खुलासे होने की संभावना है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment