कमिश्नरेट से 500 मीटर दूर चल रहा था हाई-प्रोफाइल जुए का अड्डा, पोकर गेमिंग करते 7 गिरफ्तार

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट से महज 500 मीटर की दूरी पर सी-स्कीम इलाके में चल रहे एक हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज के निर्देशन और डीएसटी प्रभारी विशंभर सिंह की टीम द्वारा की गई इस रेड में पोकर गेमिंग की आड़ में चल रहे अवैध जुए का खुलासा हुआ है। मौके से पुलिस ने मास्टरमाइंड कौशल शाह सहित 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशल शाह, दीपक सिंह, भव्य, अजय जोशी, आशीष दीवान, ऋषभ और प्रेम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 7 हजार रुपये नकद, टोकन, ताशपत्ती और करीब 150 मेंबरशिप कार्ड्स के अलावा पोकर खेलने के हाई-टेक गेमिंग उपकरण भी जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नेपाल और चेन्नई के गुर्गों द्वारा इस हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे का संचालन किया जा रहा था, जिसका मुख्य मास्टरमाइंड कौशल शाह है।

पुलिस और कानून की नजरों से बचने के लिए शातिर आरोपियों ने एक अनोखा तरीका अपनाया हुआ था। वे जुए के अड्डे से करीब 300 मीटर दूर गाड़ियां खड़ी करते थे और गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए एक विशेष गार्ड भी नियुक्त कर रखा था। हालांकि, स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मुखबिर की सूचना पर दो दिन पहले भी स्थानीय पुलिस इस अड्डे पर पहुंची थी लेकिन कार्रवाई के नाम पर कथित तौर पर लीपापोती कर लौट आई थी। अब उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हुई इस सख्त कार्रवाई के बाद शहर के अन्य अवैध अड्डों पर भी हड़कंप मच गया है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment