जयपुर: जयपुर कमिश्नरेट के जयपुर पूर्व जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की तुरंत धड़पकड़ के लिए पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में थाना जवाहर सर्किल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी की टैक्सी कार बरामद कर ली है।
वारदात का तरीका और घटना का विवरण
शिकायतकर्ता रौकी बैरवा ने 29 मई 2026 को पुलिस थाना जवाहर सर्किल में मामला दर्ज कराया था कि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से उनकी टैक्सी गाड़ी बुक की थी। आरोपी सुबह करीब 6:00 बजे जीटी लेकर आया और चाय लेने के बहाने चालक को भेजकर कार चुरा ले गया। इसके बाद आरोपी गाड़ी वापस देने की एवज में रुपयों की मांग कर रहा था। इस रिपोर्ट पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दबोचा आरोपी
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों का बारीकी से विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रकरण का माल मशरूका (अल्टो K10 कार, संख्या RJ 34 TA 1903) बरामद कर लिया। साथ ही, वांछित आरोपी कुलदीप भोजवानी (उम्र 19 वर्ष, निवासी सोडाला, जयपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना और परिवादी से फिरौती की मांग करना स्वीकार कर लिया है।
ठगी के अन्य तरीके और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कुलदीप बेहद शातिर किस्म का अपराधी है:
- आरोपी जोमैटो और रैपिडो डिलीवरी बॉयज को बातों में उलझाकर उनके मोबाइल लेता था और फोनपे (PhonePe) का पासवर्ड रीसेट कर उनके बैंक खातों से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर लेता था।
- वह राह चलते लोगों से मोबाइल मांगकर उससे ओला या उबेर बुक करता था, ताकि पुलिस केवल बुकिंग करने वाले नंबर के धारक को ही समझकर उलझन में रहे।
आरोपी के खिलाफ पहले से ही सोडाला, जवाहर सर्किल और विधायकपुरी सहित अन्य थानों में वाहन चोरी और आईटी एक्ट/साइबर ठगी के कई मुकदमे दर्ज हैं।