बीकानेर: शिक्षा विभाग में अध्ययन-अध्यापन की उत्कृष्टता में सतत सुधार, प्रोत्साहन तथा पात्र शिक्षकों के चयन में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ के आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित समारोह आगामी 5 सितंबर 2026 (शिक्षक दिवस) के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
प्रदेशभर के शिक्षकों में इस योजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और राजस्थान सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार शिक्षकों द्वारा आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि उनके अमूल्य शैक्षणिक योगदान को सम्मानित किया जा सके।
ऑनलाइन आवेदन की तिथियां और प्रक्रिया
पात्र शिक्षकों द्वारा शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं:
- आवेदन अवधि: शाला दर्पण पोर्टल पर नया मॉड्यूल 07.08.2026 को लाइव हो चुका है तथा शिक्षक 11.08.2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन किए गए।
- आवेदन का माध्यम: प्रारंभिक, माध्यमिक एवं संस्कृत शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत शिक्षक शाला दर्पण पोर्टल के स्टाफ कॉर्नर पर ‘शिक्षक सम्मान’ लिंक के जरिए लॉगिन करके आवेदन किए गए।
पात्रता और शर्तें
- शैक्षणिक अनुभव: आवेदक शिक्षक/संस्था प्रधान के पास न्यूनतम 5 वर्ष का विद्यालयी शिक्षण अनुभव/सेवा अवधि होना अनिवार्य (आधार तिथि: 30 जून 2026)।
- पूर्व सम्मान का नियम: जो शिक्षक पूर्व में राज्य स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं, वे जिला स्तर के लिए पात्र नहीं होंगे। वहीं, जिला स्तर पर सम्मानित शिक्षक केवल राज्य स्तर के लिए ही पात्र होंगे।
- विभागीय जांच: आवेदक के विरुद्ध किसी भी प्रकार की विभागीय जांच या दंडात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए। साथ ही, सत्र 2021-22 से 2025-26 तक की कुल 5 वर्षों की एपीएआर (APAR) स्वीकारकर्ता अधिकारी स्तर तक पूर्ण होनी चाहिए।
पुरस्कार का स्वरूप और श्रेणियां
सम्मान समारोह के तहत शिक्षकों को निम्नलिखित पुरस्कार राशि व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे:
- जिला स्तर: प्रत्येक जिले से कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 के कुल 123 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रति शिक्षक 11,000/- रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
- राज्य स्तर: राज्य स्तर पर समेकित मेरिट सूची के आधार पर कुल 66 शिक्षकों का चयन होगा, जिन्हें प्रति शिक्षक 21,000/- रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया एवं सूक्ष्म अंक योजना
शिक्षकों का चयन 100 अंकों की सूक्ष्म अंक योजना के आधार पर किया जाएगा, जिसमें निम्नलिखित बिंदु शामिल हैं:
- शैक्षणिक रिकॉर्ड (स्वयं का): 5 अंक
- परीक्षा परिणाम (गत 5 वर्षों के आधार पर): 60 अंक (सामान्य शिक्षकों के लिए)
- वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन (APAR): 05 अंक
- जनसहयोग (गत 5 वर्षों में व्यक्तिगत या भामाशाहों के माध्यम से): 10 अंक
- प्रकाशन कार्य / शोध कार्य / वार्ता: 05 अंक
- राष्ट्रीय कार्यक्रमों में योगदान: 05 अंक
- ग्राउंड असेसमेंट (भौतिक सत्यापन एवं अन्य गतिविधियां): 10 अंक
विभाग द्वारा सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समयावधि के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन का कार्य संपन्न कराएं। आगामी 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को उनके अमूल्य शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।