अलवर/थानागाजी। विकास के तमाम दावों के बीच थानागाजी विधानसभा क्षेत्र के पावटा से एक तस्वीर सामने आई है। गोलकाबास से आगे गुवाड़ा के पास करीब 500 मीटर की अधूरी सड़क ग्रामीणों के लिए नासूर बन चुकी है। इसी सड़क के गहरे कीचड़ में गिरने के बाद स्थानीय निवासी रोहित पोसवाल का दर्द छलक उठा। हार मानकर उन्होंने मौके का वीडियो बनाया और अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए ‘Expose Now’ को भेजकर मदद की गुहार लगाई।


नारायणी माता जाने वाले दर्शनार्थी भी परेशान
यह रास्ता सिर्फ ग्रामीणों के लिए ही नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र ‘नारायणी माता’ (बलदेवगढ़) जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। भारी जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का यहां से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले दो साल से धक्के खा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आक्रोशित ग्रामीण अब आगामी चुनावों में वोट न देने की चेतावनी तक दे रहे हैं।
देखे रोहित पोसवाल का वीडियो
Expose Now थानागाजी MLA कांति प्रसाद मीणा से फोन पर जवाब मांगा
थानागाजी के पावटा (गुवाड़ा) में 500m अधूरी सड़क बनी नासूर। नाराज ग्रामीण कर रहे चुनाव बहिष्कार की बात। ‘Expose Now’ ने MLA कांति प्रसाद मीणा से पूछा सीधा सवाल, MLA बोले- “आबादी है तो बनेगी सड़क!”
पूरी बातचीत यहाँ पढ़ें।
Expose Now: सर, थानागाजी के पावटा में गोलका के आगे गुवाड़ा (नारायणी माता मार्ग) के पास 500 मीटर अधूरी सड़क से ग्रामीण भारी कीचड़ और जलभराव के कारण परेशान हैं। ग्रामीण दो साल से धक्के खा रहे हैं और अब चुनाव में वोट न देने की बात कर रहे हैं। इस पर क्या कार्रवाई हो रही है?
विधायक कांति प्रसाद मीणा: असल में वहाँ रोड सैंक्शन हुए हैं जिनका काम चल रहा है। देखिए, वोट तो सभी लोग किसी एक को नहीं देते हैं। लेकिन चुनाव जीतने के बाद, विधायक पूरी विधानसभा का होता है, किसी एक व्यक्ति का नहीं। काम सबके होते हैं। यह हमारे घर का पैसा नहीं है, जनता की ताकत और जनता का पैसा है, जो उन्हीं पर खर्च होना चाहिए।

Expose Now: तो सर, इस समस्या का तुरंत समाधान क्या हो सकता है?
विधायक कांति प्रसाद मीणा: आप उनसे कहिए कि वे सीधे मुझसे संपर्क करें। मैं थानागाजी में ही रहता हूँ। अगर वह रास्ता सरकारी रिकॉर्ड (नक्शे) में दर्ज है या फिर वहाँ आबादी (5-10 घर) है, तो सड़क जरूर बनेगी। 500 मीटर की सड़क कोई बड़ी बात नहीं है, लगभग 20 लाख रुपये का काम होगा।
Expose Now: आपकी यह बात बहुत अच्छी है कि आप इस समस्या का समाधान करना चाहते हैं। मेरा मकसद किसी पर आरोप लगाना नहीं है, बस ग्रामीणों को समाधान चाहिए। मैं आपको यह वीडियो शेयर कर दूंगी, ताकि आप सही स्थिति का निरीक्षण करवा सकें। हालांकि मार्च का समय ग्रामीणों के लिए थोड़ा लंबा हो सकता है।
विधायक कांति प्रसाद मीणा: हाँ, आप वीडियो भेज दीजिए। जैसा मैंने कहा, अगर रिकॉर्ड में रास्ता है या आबादी है, तो काम निश्चित रूप से हो जाएगा। आप उन्हें मुझसे संपर्क करने के लिए कह दें।
Expose Now की अपील ‘Expose Now’ इस खबर के जरिए स्थानीय प्रशासन और विधायक से अपील करता है कि केवल आश्वासनों से परे, मौके का निरीक्षण कर इस 500 मीटर सड़क का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को इस नर्क से मुक्ति मिल सके।
क्या आपकी भी कोई समस्या है? अगर आपके इलाके में भी ऐसी ही कोई समस्या, भ्रष्टाचार या सरकारी लापरवाही है, तो हमें वीडियो बनाकर भेजें। आपकी आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना ‘Expose Now’ की जिम्मेदारी है।