जयपुर: राजधानी जयपुर के मुहाना थाना इलाके में बकाया पैसों के विवाद ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। टाइल लगाने का काम करने वाले एक युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन मुहाना थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर ही इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया और दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कृष्ण (20) पुत्र और बुधराम (38) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में जयपुर में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहे थे।
पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर के मार्गदर्शन में मुहाना थाना पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, गत 17 अगस्त को मृतक सचिन कुमार की हत्या की सूचना मिली थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सचिन टाइल लगाने का कुशल कारीगर था और वह काम के सिलसिले में जल्द ही महाराष्ट्र जाने की योजना बना रहा था।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक सचिन का कुछ लोगों के साथ बकाया पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन वह अपने एक परिचित के साथ ठेकेदार से अपने बकाया पैसे लेने गया था। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक कमरे पर बुलाया।

कमरे पर शराब पीने के बाद भड़का विवाद
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि कमरे पर इकट्ठा होने के बाद सभी ने मिलकर शराब पी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर पुरानी बातों पर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों आरोपियों ने गुस्से में आकर सचिन के साथ लाठी-डंडों और बेल्ट से ताबड़तोड़ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान सचिन को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की ली मदद
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी साक्ष्य मिटाने और फरार होने की फिराक में थे। लेकिन मुहाना थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक आरोपियों पर पुख्ता हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया।
फिलहाल, मुहाना थाना पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खूनी संघर्ष में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पैसों का यह विवाद असल में कितना बड़ा था। पुलिस जल्द ही इस मामले में अन्य खुलासे कर सकती है।