Expose Now इम्पैक्ट: करौली स्कूल में प्लास्टर गिरने पर DM का बड़ा एक्शन! दो बड़े शिक्षा अधिकारियों को थमाया 17 CCA का नोटिस

करौली: मानसून के दौरान सरकारी विद्यालयों की जर्जर स्थिति और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ को लेकर करौली जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। हिण्डौन उपखंड के कौंडिया गांव स्थित राजकीय विद्यालय में प्लास्टर गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर बड़ा एक्शन लिया है। कलेक्टर ने लापरवाही बरतने पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार गुप्ता और अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा अभियान) सुनील कुमार शर्मा को राजस्थान सिविल सेवा नियम के नियम 17 CCA के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

3 दिन में मांगा व्यक्तिगत जवाब, दी सख्त चेतावनी

जिला कलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्ट लिखित जवाब प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान में मानसून सक्रिय है और यदि भविष्य में जर्जर भवनों के कारण कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी इन्हीं संबंधित अधिकारियों की होगी।

निर्देशों के बावजूद नहीं तोड़े गए जर्जर भवन

सोमवार को फ्लैगशिप योजनाओं और मानसून सत्र-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक में यह घोर लापरवाही सामने आई। मानसून से पूर्व हुए सर्वे के आधार पर जिले के जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों तथा कक्षों को ध्वस्त (जमींदोज) करने के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन, कई बार निर्देश देने के बावजूद अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई नहीं की।

Expose Now की खबर का हुआ बड़ा असर

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को कौंडिया गांव के राजकीय विद्यालय में एक कक्षा की आरसीसी छत का निचला हिस्सा (प्लास्टर) अचानक गिर गया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई छात्र या शिक्षक वहां मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस कक्ष को शिक्षा विभाग पहले से ही क्षतिग्रस्त घोषित कर चुका था, फिर भी इसे गिराया नहीं गया। ‘Expose Now’ ने इस मामले और जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति को प्रमुखता से उठाया था। ग्रामीणों के रोष और ‘Expose Now’ की लगातार खबरों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और जिम्मेदार अधिकारियों पर यह गाज गिरी है।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment