भरतपुर/डीग: राजस्थान के डीग जिले में अवैध खनन और उसके परिवहन पर लगाम कसने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कांबले शरण गोपीनाथ ने एक कड़ा एक्शन लिया है। अवैध खनन परिवहन में मिलीभगत के गंभीर आरोपों के चलते कामां थाने के एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कौन-कौन पुलिसकर्मी हुए निलंबित?
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है, उनमें निम्नलिखित नाम शामिल हैं:
- पूरन सिंह (सहायक उप-निरीक्षक, कामां थाना)
- प्रशांत (कांस्टेबल)
- चन्द्रशेखर (कांस्टेबल)
- विक्रम सिंह (कांस्टेबल)
क्या है पूरा मामला?
कामां एएसपी दिनेश यादव ने जानकारी दी कि बीती रात क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। घटना की रात ये चारों पुलिसकर्मी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। प्रारंभिक जांच और शिकायतों में इनकी संलिप्तता व लापरवाही सामने आने के बाद एसपी गोपीनाथ ने इन सभी को निलंबित कर दिया है।
एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने दो-टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर पूरी सख्ती से काम कर रहा है। अवैध खनन को किसी भी स्तर पर संरक्षण देने या उसमें शामिल पाए जाने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है, और जांच पूरी होने के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आने से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
