BITS पिलानी में बीटेक कर रही हैं प्राची: हर साल आ रहा 7 लाख का खर्च, पिता ने 14 लाख भरकर पढ़ाई जारी रखी, सीएम कार्यालय तक लगाई गुहार

जयपुर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं कक्षा में साल 2024 के दौरान 500 में से 500 अंक हासिल कर इतिहास रचने वाली होनहार छात्रा प्राची आज भी सरकारी मदद की बाट जोह रही है। रिजल्ट आने के बाद खुद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने छात्रा के घर पहुंचकर उसकी आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाने का वादा किया था, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी प्राची को सहायता के नाम पर एक रुपया भी नहीं मिला है

BITS पिलानी में पढ़ रही हैं प्राची, पिता भर चुके हैं 14 लाख रुपये

खैरथल-तिजारा जिले के इकरोटिया गांव की रहने वाली प्राची वर्तमान में देश के प्रतिष्ठित संस्थान बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS), पिलानी से बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं। कॉलेज की फीस और अन्य खर्चों को मिलाकर हर साल लगभग सात लाख रुपये का खर्च आ रहा है। प्राची के पिता नरेन्द्र सिंह सोनी अपनी बेटी का सपना पूरा करने के लिए अब तक अपने स्तर पर करीब 14 लाख रुपये जमा करवा चुके हैं

मंत्री कार्यालय के काटने पड़े 5 चक्कर, सीएम कार्यालय से भी नहीं मिला जवाब

प्राची के पिता नरेन्द्र सिंह सोनी ने दर्द बयां करते हुए बताया कि जब शिक्षा मंत्री उनके घर आए थे, तब उन्हें पूरा भरोसा हो गया था कि अब बेटी की उच्च शिक्षा में आर्थिक तंगी आड़े नहीं आएगी। लेकिन इसके बाद हालात इसके उलट रहे:

  • पिता ने बताया कि वह और प्राची कई बार शिक्षा मंत्री से मिल चुके हैं।
  • करीब पांच बार मंत्री कार्यालय के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। हर बार यही कहा गया कि मामले को दिखवाया जाएगा, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ।
  • इसके अलावा, परिवार ने मुख्यमंत्री कार्यालय में भी सचिव के नाम पत्र सौंपकर गुहार लगाई थी। करीब डेढ़ साल पहले वहां से भी जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज तक कोई जवाब या सहायता नहीं मिली है।

मेहनत से बढ़ाया था प्रदेश का मान

प्राची ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक लाकर पूरे राजस्थान का मान बढ़ाया था। उसे और उसके परिवार को उम्मीद थी कि सरकार की घोषणा से उसकी उच्च शिक्षा का मार्ग सुगम हो जाएगा, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक उदासीनता के कारण पूरा परिवार अपने बूते पर ही बेटी की पढ़ाई का बोझ उठाने को मजबूर है


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment