करौली: राजस्थान के करौली जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कोतवाली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि गुडला निवासी अभिषेक गुर्जर और उसके साथियों ने किशोर को पहले दुकान से जबरन उठाया और फिर जंगल में ले जाकर बर्बरता की। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरी वारदात?
पीड़ित की मां ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा गुलाब बाग स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। 28 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे जब वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी गुडला निवासी अभिषेक गुर्जर अपने 3-4 साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित पर दुकान से पैसे लाकर देने का दबाव बनाया। किशोर द्वारा मना करने पर उसे जबरन एक स्विफ्ट कार में बैठा लिया गया और गुडला बांध के पास स्थित जंगल में ले जाया गया।
जंगल में की गई हैवानियत
रिपोर्ट के अनुसार, जंगल में ले जाकर आरोपियों ने किशोर के साथ अमानवीय व्यवहार किया। उसे जमीन पर पटक-पटक कर लाठियों से पीटा गया और उल्टा लटकाकर यातनाएं दी गईं। इस दौरान आरोपियों ने न केवल जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे अपमानित किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। यही नहीं, आरोपियों ने इस बर्बरता का वीडियो भी खुद बनाया, ताकि समाज के गरीब तबके के लोगों में डर का माहौल बनाया जा सके।
मोबाइल और घड़ी भी छीनी, पुलिस ने दर्ज की FIR




पीड़ित की मां का आरोप है कि पिटाई के दौरान आरोपियों ने किशोर का मोबाइल फोन और घड़ी भी छीन ली। इस क्रूरता के कारण किशोर के हाथ, कमर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि पीड़ित की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।