जयपुर। राजधानी जयपुर की सड़कों पर अगर आप देर रात यह सोचकर ट्रैफिक नियमों को ताक पर रख रहे हैं कि “रात के अंधेरे में कौन देख रहा है”, तो सावधान हो जाइए। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत दिन ही नहीं, बल्कि आधी रात को भी पैनी नजर रखी जा रही है। शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर लगे 47 अत्याधुनिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे 24 घंटे सक्रिय हैं, जो ओवरस्पीड और रेड लाइट जंप करते ही गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन कर सीधे वाहन मालिक के नाम ऑनलाइन चालान जनरेट कर रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों ने यह साबित कर दिया है कि जयपुर में लोग रात के समय धड़ल्ले से नियम तोड़ रहे हैं।
खाली सड़कों पर रफ्तार का कहर
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि रात के समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली मिलने के कारण वाहन चालक अक्सर तय गति सीमा से अधिक रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हैं। इसके अलावा कई लोग रेड लाइट सिग्नल को नजरअंदाज कर सीधे चौराहे पार कर जाते हैं, जिससे गंभीर सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इसी पर लगाम लगाने के लिए ITMS के नाइट-विज़न कैमरों को 24 घंटे एक्टिव रखा गया है।
बीती दो रातों के चौंकाने वाले आंकड़े:

यातायात पुलिस का कहना है कि यह व्यवस्था केवल जुर्माना वसूलने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों में ट्रैफिक अनुशासन लाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लागू की गई है। आने वाले समय में ITMS प्रोजेक्ट का दायरा शहर के अन्य व्यस्त मार्गों तक बढ़ाया जाएगा।