बाबा श्याम के भक्तों को बड़ी सौगात, मंदिर से 11 किमी दूर बनेगा आधुनिक रेलवे स्टेशन

जयपुर। राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीकर जिले के सुंदरपुरा क्षेत्र में नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की घोषणा की है। खास बात यह है कि प्रस्तावित स्टेशन की डिजाइन में खाटूश्याम मंदिर की स्थापत्य शैली की झलक देखने को मिलेगी। स्टेशन का फर्स्ट लुक सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

रेल मंत्री ने जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन खाटूश्यामजी मंदिर से करीब 11 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप विकसित किया जाएगा। इससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

17.49 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का हिस्सा

सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन, रींगस-खाटूश्याम नई रेल लाइन परियोजना का हिस्सा होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह नई रेल लाइन 17.49 किलोमीटर लंबी होगी और इसका उद्देश्य खाटूश्यामजी मेले एवं अन्य विशेष अवसरों पर बढ़ने वाले यात्रीभार को कम करना है।

वर्तमान में खाटूश्यामजी जाने वाले अधिकांश श्रद्धालु रींगस रेलवे स्टेशन तक ट्रेन से पहुंचते हैं और वहां से सड़क मार्ग के जरिए मंदिर तक जाते हैं। मेले के दौरान रींगस स्टेशन पर प्रतिदिन 2.6 लाख से अधिक यात्रियों का दबाव रहता है, जिसके कारण रेलवे को 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन करना पड़ता है। नया स्टेशन बनने से इस दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

32 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

सूत्रों के मुताबिक, सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्टेशन पर दो प्लेटफॉर्म और डबल ट्रैक की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए वेटिंग हॉल, टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटर, क्लॉक रूम, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और विशाल पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

भूमि अधिग्रहण के बाद शुरू होगा निर्माण

रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2023-24 में रींगस-खाटूश्याम नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी थी। परियोजना का सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है, लेकिन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भरोसा दिलाया है कि अगले 10 से 12 महीनों में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

खाटूश्यामजी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई रेल लाइन और सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि सीकर जिले में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे होटल, परिवहन और छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

नई रेल परियोजना के पूरा होने के बाद खाटूश्यामजी तक पहुंचना पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगा, जिससे बाबा श्याम के भक्तों को यात्रा में लगने वाला समय और परेशानी दोनों कम होंगी।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment