जयपुर: राजस्थान में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने बुधवार देर रात शिक्षक भर्ती परीक्षा (REET Mains 2026) का रिजल्ट जारी कर दिया है। अभी बोर्ड द्वारा लेवल-1 (संस्कृत) और लेवल-2 (साइंस-मैथ्स और संस्कृत) विषयों के परिणाम घोषित किए गए हैं। शेष विषयों के परिणाम भी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट पीडीएफ फॉर्मेट में चेक कर सकते हैं, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के रोल नंबर दिए गए हैं।
7759 पदों पर होनी है भर्ती
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि फिलहाल लेवल-1 और लेवल-2 के कुछ विषयों का ही परिणाम जारी किया गया है। गौरतलब है कि इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश भर में कुल 7759 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसमें लेवल-1 के 5636 पद और लेवल-2 के 2123 पद शामिल हैं।

परीक्षा और आंसर-की का घटनाक्रम
रीट मैंस 2026 परीक्षा का आयोजन इसी साल 17 जनवरी से 20 जनवरी के बीच किया गया था। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में संपन्न हुई थी (पहली पारी सुबह 10:00 से 12:30 बजे और दूसरी पारी दोपहर 3:00 से शाम 5:30 बजे तक)। परीक्षा के बाद 27 फरवरी को बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी और अभ्यर्थियों से 100 रुपए शुल्क के साथ आपत्तियां आमंत्रित की थीं। दर्ज की गई सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब यह अंतिम परिणाम जारी किया गया है।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट (How to Check REET Result 2026) अभ्यर्थी नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं:
- स्टेप 1: सबसे पहले राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाएं।
- स्टेप 2: होम पेज पर उपलब्ध “Candidate Corner” सेक्शन में जाएं और “Results” के विकल्प पर क्लिक करें।
- स्टेप 3: अब स्क्रीन पर दिख रहे “REET Mains Result 2026” (संबंधित विषय) के लिंक पर क्लिक करें।
- स्टेप 4: क्लिक करते ही रिजल्ट की पीडीएफ फाइल स्क्रीन पर खुल जाएगी।
- स्टेप 5: इस सूची में अपना रोल नंबर खोजकर अपना परिणाम चेक करें और भविष्य के लिए पीडीएफ को डाउनलोड कर लें।