बारां में खूनी संघर्ष: पुरानी रंजिश के चलते मां-बेटी को घोंपा चाकू, पुलिस, डीएसटी और साइबर सेल की मदद से हत्यारा गिरफ्तार

बारां। कस्बे में आपसी रंजिश के चलते सरेआम एक महिला और उसकी बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर सनसनी फैलाने वाले मुख्य आरोपी को बारां पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर धर दबोचा है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि बेटी की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। थाना अंता पुलिस, जिला विशेष टीम (DST) और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को सुल्तानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

सड़क पर सरेआम दिया वारदात को अंजाम

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार, 21 मई की रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि रामदेवजी मंदिर के पास सीसवाली रोड (बर्डिया क्षेत्र) में एक सिरफिरे व्यक्ति ने मां-बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही थाना अंता से उपनिरीक्षक मांगीलाल पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर और राजकीय उप जिला चिकित्सालय अंता पहुंचे।

हमले में प्रेमबाई मेघवाल (52 वर्ष) और उनकी 17 वर्षीय पुत्री कृष्णा बुरी तरह घायल हो गई थीं। दोनों को अंता अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया। कोटा के एमबीएस (MBS) अस्पताल में इलाज के दौरान मां प्रेमबाई की मौत हो गई। वहीं, बेटी कृष्णा का मेडिकल कॉलेज कोटा में सघन उपचार जारी है और उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

एफआईआर दर्ज और साक्ष्य किए गए एकत्रित

घटना के बाद मृतका के पति धनराज मेघवाल की रिपोर्ट पर थाना अंता में हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इसके अलावा एमओबी (MOB) और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

चार विशेष टीमों ने रातभर की छापेमारी, तकनीकी मदद से पकड़ाया आरोपी

सरेआम हुई इस जघन्य वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी अंता पुष्पेंद्र सिंह आढ़ा के नेतृत्व में थाना अंता, डीएसटी और साइबर सेल की चार विशेष टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने रातभर आरोपी के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना और साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सीताराम (पुत्र धन्नालाल मेघवाल, निवासी संबलपुर, थाना बारां सदर) को सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में ढीबरी पुलिया के पास से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण

प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी सीताराम ने कबूल किया है कि उसने पुरानी रंजिश के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य कारणों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

इस त्वरित और सफल कार्रवाई में अंता थानाधिकारी भूपेश शर्मा, आरपीएस प्रोबेशनर भजनलाल जांगिड़, उपनिरीक्षक मांगीलाल सुमन, रामावतार, साइबर एक्सपर्ट जगदीश शर्मा और डीएसटी के हरिश भाटी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की विशेष भूमिका रही।


👇 हमारी मुहिम से जुड़ें:

🛑 भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करें!

क्या आपके पास किसी घोटाले की पुख्ता जानकारी है? हमारे 'Secure Drop' पर भेजें। आप नाम बताएँ या पहचान छुपाएँ, यह आपकी मर्जी है। सच को दुनिया के सामने लाना हमारी जिम्मेदारी है।

🔗 सुरक्षित रूप से रिपोर्ट करें

Share This Article
Leave a Comment