आमेर फोर्ट पहुंचे मार्को रुबियो का 4 अधिकारियों ने किया पारंपरिक स्वागत, राजस्थानी विरासत देख हुए मंत्रमुग्ध

जयपुर। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपनी आधिकारिक भारत यात्रा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के तहत 25 मई 2026 को दोपहर विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक आमेर महल का भ्रमण किया और राजस्थानी संस्कृति व अतिथि सत्कार की जमकर सराहना की।

आमेर महल में विशेष स्वागत

दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचने के बाद, मार्को रुबियो शाम 3 बजे आमेर फोर्ट पहुंचे। उनके स्वागत के लिए एक विशेष टीम तैनात थी। आमेर महल में उनका स्वागत पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धर्मेंद्र, पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत और आमेर महल के अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक द्वारा पारंपरिक राजस्थानी तरीके से किया गया।

लोक संस्कृति से हुए प्रभावित

आमेर महल के जलेब चौक में स्थानीय कलाकारों ने राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य की पारम्परिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को देखकर अमेरिकी विदेश मंत्री काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। उन्होंने आमेर की वास्तुकला और प्रदेश की समृद्ध विरासत की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भव्य धरोहर उन्हें हमेशा याद रहेगी। भ्रमण के पश्चात, वे रात्रि विश्राम के लिए होटल रामबाग पैलेस पहुंचे।

कल दिल्ली में Quad बैठक में होंगे शामिल

अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए जयपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और वीवीआईपी रूट पर विशेष निगरानी रखी गई थी। मार्को रुबियो 26 मई की सुबह करीब 6:30 बजे जयपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘Quad’ देशों की विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

पर्यटन और कूटनीति के लिए मील का पत्थर

राजस्थान सरकार इस हाई-प्रोफाइल दौरे को राज्य के पर्यटन विकास और वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस यात्रा से राजस्थान की वैश्विक छवि और पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

Share This Article
Leave a Comment