जोधपुर: राजस्थान में अवैध विस्फोटक पदार्थों के काले कारोबार और ‘बारूद सिंडिकेट’ के खिलाफ राजस्थान पुलिस के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। एटीएस की विशेष टीमों ने जोधपुर आयुक्तालय, जोधपुर ग्रामीण, राजसमंद और डीडवाना-कुचामन जिलों में एक साथ दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस अहम कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार बारूद, हजारों कमर्शियल व इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन की छड़ें बरामद की गई हैं। साथ ही एक अवैध विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री और कच्चा माल भी जब्त किया गया है।
कैसे हुआ इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़?
एटीएस के एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि मुखबिर तंत्र से लगातार यह खूफिया सूचना मिल रही थी कि विस्फोटक माफिया एक संगठित गिरोह बनाकर अवैध खनन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के लिए बारूद की बड़े पैमाने पर तस्करी कर रहे हैं।
सूचना को पुख्ता कर एटीएस की टीमों ने जोधपुर के सूरसागर व ओसियां, डीडवाना-कुचामन के मकराना और राजसमंद के देवगढ़ थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की।
- ओसियां में पकड़ी गई फैक्ट्री: कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी सफलता जोधपुर ग्रामीण के ओसियां स्थित चैरई इलाके में मिली, जहां अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ बनाने की पूरी फैक्टरी ही संचालित की जा रही थी।
- एक्सप्लोसिव मैगजीन की जांच: जसवंतगढ़, देवगढ़ और जालौर में अवैध रूप से बारूद सप्लाई करने वाली लाइसेंसी एक्सप्लोसिव मैगजीन में पाई गई अनियमितताओं की जांच अब स्थानीय पुलिस को सौंप दी गई है।
- 7 एफआईआर दर्ज: इस व्यापक नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए एटीएस ने अलग-अलग थानों में कुल 7 एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई हैं।
कार्रवाई में बरामद अवैध विस्फोटकों का जखीरा
छापेमारी के दौरान एटीएस को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और उसे बनाने के काम आने वाला कच्चा माल बरामद हुआ है:
| विस्फोटक/सामग्री का नाम | बरामद मात्रा |
| इलेक्ट्रिक डेटोनेटर | 3,162 |
| कमर्शियल डेटोनेटर | 254 |
| जिलेटिन छड़ें | 500 |
| सेफ्टी फ्यूज | 395 |
| बत्ती बंडल (लाल व हरी) | लगभग 5,000 फीट |
| पटाखा पैकेट (छोटे-बड़े) | 42 |
| नमक | 29 कट्टे |
| पिसा हुआ कोयला | 20 कट्टे |
| काला पाउडर | 4 कट्टे |
| सल्फर | 1.5 (डेढ़) कट्टा |
| अन्य उपकरण | 2 मिक्सर मशीनें, 2 कांटे-बांट और 140 टोपियां |
एटीएस के हत्थे चढ़े ये 7 बड़े आरोपी
इस पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट करने वाले जिन 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी जानकारी इस प्रकार है:
- सम्पत: निवासी जाटानपुरा जाखाली, मकराना (डीडवाना-कुचामन)
- कन्हैयालाल: निवासी डुकियों का बास, ओसियां (जोधपुर ग्रामीण)
- आफताब: निवासी तुलसी कॉलोनी, कबीर नगर, सूरसागर (जोधपुर)
- मुशरत अंसारी: निवासी कमला नेहरू नगर (जोधपुर)
- खेताराम: निवासी गांधीनगर, कुंजला (जोधपुर)
- अनीश: निवासी शोरगरों का मोहल्ला, देवगढ़ (राजसमंद)
- आसिफ: निवासी शोरगरों का मोहल्ला, देवगढ़ (राजसमंद)
एटीएस की आमजन से अपील
एटीएस अब प्रदेशभर में अवैध विस्फोटक सप्लायरों पर कड़ी निगरानी रख रही है। इसके साथ ही लाइसेंसी सप्लायरों के स्टॉक की भी गहन छानबीन की जा रही है। एटीएस ने आमजन से सजग रहने की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आस-पास कहीं भी अवैध बारूद या विस्फोटक से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत एटीएस के नियंत्रण कक्ष नंबर (0141-2601583) पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।