शिक्षा नगरी कोटा के लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) क्षेत्र की करीब पांच लाख की आबादी को जाम से मुक्ति दिलाने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए 80 करोड़ रुपये की लागत से कई बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू करने जा रहा है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण छावनी क्षेत्र में नहर किनारे बनने वाली लिंक रोड और एक अत्याधुनिक स्टील ब्रिज है।
छावनी और कोटड़ी को मिलेगा नया रास्ता
शहर के पुराने और घने क्षेत्रों में शुमार छावनी और कोटड़ी के बीच कनेक्टिविटी सुधारने के लिए दाईं मुख्य नहर के किनारे 1700 मीटर लंबी लिंक रोड बनाई जाएगी। लगभग 30 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में एक स्टील ब्रिज का निर्माण भी शामिल है। इससे वाहन चालक छावनी बाजार के मुख्य मार्ग के जाम में फंसे बिना सीधे 80 फीट रोड तक पहुंच सकेंगे। सुरक्षा के लिहाज से नहर के किनारे दीवार भी बनाई जाएगी।
रायपुरा-थेगड़ा सड़क का होगा कायाकल्प
रायपुरा चौराहे से थेगड़ा पुलिया तक की सड़क को चौड़ा कर टू-लेन बनाया जाएगा। 28 करोड़ की इस परियोजना से कोटा से सांगोद जाने वाले यात्रियों और दर्जनों कॉलोनियों के निवासियों को फायदा होगा। इसके अलावा, थेगड़ा में मौजूदा पुलिया के समानांतर एक और दो-लेन पुलिया का निर्माण 5.58 करोड़ की लागत से किया जाएगा।
इन कार्यों का भी होगा शिलान्यास और लोकार्पण
- कैथून-सांगोद रोड: कैथून नदी पर 15.97 करोड़ की लागत से नई आरसीसी पुलिया बनेगी, जिससे मानसून में आवागमन बाधित नहीं होगा।
- उम्मेदगंज-डाढ़देवी रोड: 5.39 करोड़ की लागत से बनकर तैयार इस सड़क का लोकार्पण किया जाएगा।
- शिवपुरी धाम: यहां नहर पर समानांतर पुलिया का निर्माण कर ट्रैफिक लोड कम किया जाएगा।
21 अप्रैल को भव्य समारोह
इन विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण 21 अप्रैल को सुबह 10 बजे थेगड़ा स्थित शिवपुरी धाम के पास आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। विधायक कल्पना देवी ने बताया कि रोड कनेक्टिविटी विकास की पहली शर्त है और इन परियोजनाओं से कोटा के एक बड़े हिस्से की तस्वीर बदल जाएगी।
